तमिलनाडु प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष के अन्नामलाई ने कमाल का नाटक शुरू किया है। वे लंदन में ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में तीन महीने का एक कोर्स करके लौटे हैं। इस तीन महीने वे छुट्टी पर थे और भाजपा ने उनकी जगह कोई दूसरा अध्यक्ष भी नियुक्त नहीं किया, जबकि लोकसभा चुनाव में पार्टी के खराब प्रदर्शन के बाद कहा जा रहा था कि नया अध्यक्ष नियुक्त होगा। लेकिन अन्नामलाई अध्यक्ष बने रहे और ऑक्सफोर्ड से लौट कर उन्होंने कई तरह के तमाशे शुरू कर दिया हैं। उन्होंने यह भी कह दिया है कि अगले चुनाव में भाजपा और अन्ना डीएमके मिल कर चुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि अन्ना डीएमके ने इस संभावना से पूरी तरह से इनकार किया है।
बहरहाल, अन्नामलाई ने सबसे पहले ऐलान किया कि वे जूता, चप्पल छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक डीएमके को सत्ता से बाहर नहीं कर देंगे तब तक खाली पैर रहेंगे। आमतौर पर पार्टियों के छोटे कार्यकर्ता इस तरह का संकल्प करते हैं। लेकिन पूर्व आईपीएस अधिकारी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अन्नामलाई ने यह संकल्प किया है। गौरतलब है कि मई 2021 में यानी डेढ़ साल के बाद तमिलनाडु में विधानसभा का चुनाव होना है। अन्नमलाई के दूसरे तमाशे की फोटो भी राष्ट्रीय स्तर पर वायरल हुई है। वे हरे रंग की लुंगी बांध कर नंगे बदन अपने शरीर पर कोड़े मार रहे थे। उन्होंने कहा कि अन्ना यूनिवर्सिटी में छात्रा के साथ हुई बलात्कार की घटना और डीएमके सरकार के रवैए के विरोध में वे अपने को सजा दे रहे थे। भाजपा के नेता भी हैरान हैं कि उनकी यह अति नाटकीयता कुछ चुनावी फायदा करा सकती है या नहीं।