राज्य-शहर ई पेपर पेरिस ओलिंपिक

भाजपा में राज्यसभा की लॉबिंग

लोकसभा चुनाव

इस बार लोकसभा चुनाव में राज्यसभा के कई सांसदों को टिकट दी गई थी। सभी राज्यसभा सांसद लोकसभा का चुनाव जीत गए हैं। सो, राज्यसभा की 10 सीटें खाली हो रहीं हैं और सभी सीटें भाजपा या उसकी सहयोगी पार्टियों के खाते में जाएंगी। एनडीए को स्पष्ट रूप से तीन सीटों का फायदा होता दिख रहा है। बिहार में राजद की राज्यसभा सांसद मीसा भारती की सीट खाली हो रही है, जो जदयू को जाएगी। इसी तरह राजस्थान में कांग्रेस के केसी वेणुगोपाल और हरियाणा में कांग्रेस के दीपेंद्र हुड्डा की सीट खाली हो रही है। ये दोनों सीटें भाजपा के खाते में जाएंगी। बाकी सीटें भाजपा की अपनी हैं। बिहार की एक सीट छोड़ कर बाकी नौ सीटें भाजपा को मिलेंगी। अभी से इन सीटों की लॉबिंग शुरू हो गई है।

राज्यसभा के दो उम्मीदवार तो तय है क्योंकि लोकसभा चुनाव में हारे हुए दो नेताओं को मंत्री बनाया गया है। तमिलनाडु की नीलगिरी सीट से लड़े एल मुरुगन चुनाव हार गए थे। इसके बावजूद उनको केंद्र में मंत्री बनाया गया है तो जाहिर है कि उनको राज्यसभा के रास्ते संसद में भेजा जाएगा। गौरतलब है कि वे पहले भी राज्यसभा सदस्य थे। उनको मध्य प्रदेश से राज्यसभा में भेजा गया था। इस बार मध्य प्रदेश से एक सीट खाली हो रही है। ज्योतिरादित्य सिंधिया लोकसभा चुनाव जीते हैं। तभी सवाल है कि क्या उनकी सीट से एल मुरुगन को राज्यसभा भेजा जाएगा? बताया जा रहा है कि पिछली बार ज्योतिरादित्य सिंधिया को हराने वाले केपी यादव को राज्यसभा सीट का वादा किया गया है। उनके अलावा विधानसभा चुनाव हारे नरोत्तम मिश्रा भी दावेदार बताए जा रहे हैं। सो, अगर मध्य प्रदेश के किसी स्थानीय नेता को राज्यसभा भेजा जाता है तो मुरुगन को किसी और राज्य से भेजा जाएगा।

लोकसभा चुनाव हार कर केंद्र में मंत्री बने दूसरे नेता पंजाब के रवनीत सिंह बिट्टू हैं। वे चुनाव से ऐन पहले कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में गए थे। लेकिन लुधियाना की सीट पर वे इस बार चुनाव नहीं जीत सके। फिर भी उनको मंत्री बनाया गया है। सो, उनका भी राज्यसभा जाना तय है। उनको हरियाणा या राजस्थान की सीट से भेजा जा सकता है। गौरतलब है कि हरियाणा में इसी साल विधानसभा के चुनाव भी हैं। सो, पंजाबी और सिख वोट पर इसका असर हो सकता है। ध्यान रहे हरियाणा की रोहतक सीट से जीते कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा की राज्यसभा सीट खाली हो रही है।

बिहार में भाजपा के विवेक ठाकुर की सीट खाली हो रही है। इस सीट पर कई दावेदार हैं। लोकसभा का चुनाव हारे आरके सिंह के नाम की भी चर्चा है तो दिवंगत सुशील मोदी के परिवार से किसी भी को भेजे जाने की बात भी हो रही है। लोकसभा चुनाव हारे उपेंद्र कुशवाहा के बारे में कहा जा रहा है कि विवेक ठाकुर या मीसा भारती की सीट से उनको उच्च सदन में भेजा जा सकता है। राजस्थान की सीट कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल के केरल से लोकसभा चुनाव जीतने से खाली हुई है। महाराष्ट्र में पीयूष गोयल और उदयनराजे भोसले की सीट खाली हो रही है तो असम में कामाख्या प्रसाद तासा व सर्बानांद सोनोवाल और त्रिपुरा में बिप्लब देब की सीट खाली हो रही है। इन सीटों के लिए भी लॉबिंग चल रही है। इन सीटों के खाली होने के बाद चुनाव आयोग चुनाव का ऐलान करेगा। माना जा रहा है कि जुलाई के अंत तक इन सीटों पर चुनाव होगा।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *