राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

भाजपा के 10 करोड़ सदस्य बन गए

Image Source: ANI

भारतीय जनता पार्टी ने आखिरकार 10 करोड़ सदस्य बना लिए। दो सितंबर को भाजपा का सदस्यता अभियान शुरू हुआ था, जो 50 दिन तक चलना था। पिछले हफ्ते सदस्यता अभियान की आधिकारिक अवधि पूरी हो गई। अब पार्टी की ओर से बताया गया है कि उसने 10 करोड़ सदस्यों की सीमा पार कर ली है। ऐसी ही संख्या के आधार पर भाजपा का दावा रहा है कि वह दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। उसका मुकाबला इस मामले में चीन की कम्युनिस्ट पार्टी से है, जिसके सदस्यों की संख्या आठ करोड़ से कुछ अधिक है। यानी भारतीय जनता पार्टी ने इस संख्या को बड़े अंतर से पीछे छोड़ दिया है।

यह अलग बात है कि सदस्य बनाने के तरीकों को लेकर कई तरह के सवाल उठे हैं। कई जगह से ऐसी शिकायत है कि लोग टीका लगवाने गए और मोबाइल नंबर लेकर उनको सदस्य बना दिया गया। यह भी खबर है कि कहीं गुजरात के एक अस्पताल में आंख के ऑपरेशन के लिए लोग जमा हुए तो उनके नाम और नंबर लेकर ऑपरेशन से पहले ही उनको सदस्य बना दिया गया। खबर के मुताबिक आधी रात को एक व्यक्ति ने साढ़े तीन सौ लोगों को जगा कर उनके नंबर लिए और उनको सदस्य बना दिया। इस तरह की अनेक घटनाएं हुई हैं। फिर भी 10 करोड़ की संख्या बहुत बड़ी है और निश्चित रूप से बाकी पार्टियों को भाजपा से सीख लेनी चाहिए कि किस तरह से पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को संगठन से जुड़े किसी न किसी काम में लगाए रहा जाता है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *