नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के नौ दिन बाद तक भाजपा विधायक दल का नेता नहीं चुन पाई है। अब बताया गया है कि भाजपा विधायक दल की बैठक बुधवार, 19 फरवरी को हो सकती है। भाजपा के जानकार सूत्रों का कहना है कि चुनाव नतीजे के 12 दिन बाद 20 फरवरी को दिल्ली के नए मुख्यमंत्री की रामलीला मैदान में शपथ होगी। उनके साथ बाकी मंत्री भी शपथ लेंगे। उससे एक दिन पहले सीएम का नाम तय होगा।
इससे पहले 16 फरवरी की शाम को खबर आई कि सोमवार, 17 फरवरी को विधायक दल की बैठक होगी और 18 या 19 फरवरी को शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है। हालांकि, थोड़ी देर बाद खबर आई कि इसे दो दिन के लिए टाल दिया गया। हालांकि इसका कोई कारण नहीं बताया गया। यह भी कहा जा रहा था कि रविवार या सोमवार को पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व की ओर से पर्यवेक्षक नियुक्त कर दिए जाएंगे लेकिन उनकी भी नियुक्ति नहीं हुई है। अलबत्ता रामलीला मैदान में शपथ समारोह की तैयारियों के लिए विनोद तावड़े और तरुण चुघ को प्रभारी बनाया गया है।