राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

सैनी नेता चुने गए, आज लेंगे शपथ

Image Source: ANI

चंडीगढ़। हरियाणा में नायब सिंह सैनी ही मुख्यमंत्री बनेंगे। बुधवार को चंडीगढ़ में भाजपा विधायक दल की बैठक में आम सहमति से उनको नेता चुना गया। विधायक दल की बैठक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी हुई है। नेता चुने जाने के बाद अमित शाह और नायब सिंह सैनी अन्य नेताओं के साथ राजभवन गए और सरकार बनाने का दावा पेश किया। सैनी गुरुवार, 17 अक्टूबर को दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके शपथ समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित भाजपा के अनेक बड़े नेता शामिल होंगे। कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी इसमें हिस्सा लेंगे।

इससे पहले बुधवार की बैठक में विधायक कृष्ण बेदी ने नायब सैनी के नाम का प्रस्ताव रखा। जिसका अनिल विज और आरती राव ने समर्थन किया। फिर सभी विधायकों ने नायब सैनी के नाम पर सहमति दे दी। इसके बाद गृह मंत्री अमित शाह ने नायब सैनी के आम सहमति से विधायक दल का नेता चुने जाने की घोषणा की। शाह ने कहा- हरियाणा की स्थापना से लेकर अब तक कोई भी मुख्यमंत्री लगातार तीसरी बार सफल नहीं हुआ। युवा नायब सैनी के नेतृत्व में हम तीसरी बार चुनाव जीत पाए हैं। शाह के साथ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी ऑब्जर्वर के तौर पर मौजूद रहे।

इसके बाद नायब सैनी ने अमित शाह के साथ राजभवन जाकर राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय के सामने सरकार बनाने का दावा पेश किया। इस दौरान तीन निर्दलीय विधायकों ने भी भाजपा को समर्थन का पत्र सौंपा। गुरुवार को 11 बजे पंचकूला के शालीमार ग्राउंड में शपथ ग्रहण समारोह होगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भाजपा और एनडीए के सहयोगी दलों के शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों सहित अनेक बड़े नेता मौजूद रहेंगे। गौरतलब है कि हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों में से भाजपा ने 48 सीटें जीती थीं।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *