कोलकाता। आरजी कर अस्पताल की जूनियर डॉक्टर से बलात्कार और हत्या की घटना के विरोध में भूख हड़ताल कर रहे जूनियर डॉक्टरों की हालत गंभीर हो गई है। गौरतलब है कि सात जूनियर डॉक्टर पिछले छह दिन से भूख हड़ताल पर हैं। इनमें से एक अनिकेत महतो की हालत गंभीर हो गई है। अनिकेत को आरजी कर अस्पताल में ही भर्ती किया गया है। आरजी कर की क्रिटिकल केयर यूनिट के प्रमुख डॉ. सोमा मुखोपाध्याय ने बताया कि अनिकेत को बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था। डॉक्टर की हालत गंभीर है, उसे ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। पांच डॉक्टरों की टीम उस पर नजर रखे है।
एक जूनियर डॉक्टर ने बताया कि भूख हड़ताल पर बैठा अनिकेत पिछले कुछ दिनों से पानी भी नहीं पी रहा था। अनिकेत के साथ भूख हड़ताल कर रहे छह और जूनियर डॉक्टरों की सेहत में भी गिरावट हो रही है। इस बीच इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, आईएमए ने भी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को चिट्ठी लिखी है, जिसमें मांग की गई है कि राज्य सरकार डॉक्टरों की मांगों पर तुरंत कार्रवाई करे। आईएमए ने कहा है- शांतिपूर्ण माहौल और सुरक्षा कोई विलासिता नहीं है। हम अपील करते हैं, इस मुद्दे को सुलझाएं।
गौरतलब है कि आरजी कर अस्पताल में आठ अगस्त की रात जूनियर डॉक्टर की बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई थी। नौ अगस्त को पीड़ित का शव मेडिकल कॉलेज में मिला था। इसके अगले दिन से जूनियर डॉक्टरों ने 42 दिन तक विरोध प्रदर्शन किया था। तब डॉक्टरों की पांच में से तीन मांग मान लिए जाने के बाद हड़ताल खत्म हो गई थी। परंतु डॉक्टरों ने एक अक्टूबर से फिर हड़ताल शुरू की और पांच अक्टूबर की शाम से भूख हड़ताल शुरू कर दी। भूख हड़ताल कर रहे जूनियर डॉक्टरों के समर्थन में बड़ी संख्या में सीनियर डॉक्टरों ने इस्तीफा देने की पेशकश की है।