अमृतसर। अमेरिका ने 119 अवैध भारतीय प्रवासियों को जबरन वापस भेजा है। यह अवैध प्रवासियों का दूसरा बैच है। एक विशेष विमान इन प्रवासियों को लेकर सवा 10 बजे के करीब पंजाब के अमृतसर हवाईअड्डे पर पहुंचा। इससे पहले अवैध प्रवासियों का विमान अमृतसर में उतारे जाने पर विवाद लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान शनिवार की शाम को खुद अमृतसर पहुंचे। वे अमेरिका से लौट रहे अवैध प्रवासियों को रिसीव करने पहुंचे थे। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके केंद्र पर हमला किया। अवैध प्रवासियों का तीसरा विमान रविवार, 16 फरवरी को पहुंचेगा।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अमृतसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पंजाब में अवैध प्रवासियों के विमान उतारना गलत है। यह पंजाब को बदनाम करने की साजिश है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा, ‘जो लोग गैरकानूनी तरीके से अमेरिका गए थे, उन्हें डिपोर्ट किया जा रहा है। पहले भी जो लोग डिपोर्ट हुए थे, उनमें अलग अलग प्रदेशों के लोग थे। फिर विमान अमृतसर में क्यों उतारे जा रहे हैं’?
अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने बताया कि डिपोर्ट होकर आ रहे सभी भारतीयों के रहने, खाने और उन्हें घर तक छोड़ने की सारी व्यवस्था पंजाब सरकार ने कर दी है। पंजाब का जो व्यक्ति जहां का होगा, उसे वहां तक छोड़ा जाएगा। हरियाणा के लोगों को भी छोड़ देंगे। बाकियों को दिल्ली भेजा जाएगा। अमृतसर में विमान की लैंडिंग पर मुख्यमंत्री मान ने कहा, ‘इस पवित्र शहर को डिटेंशन सेंटर न बनाया जाए। केंद्र सरकार से इसी बात का ऐतराज किया जा रहा है कि आपके पास और भी एयरपोर्ट व एयरबेस हैं, इस तरह के जहाजों को वहां क्यों नहीं उतारते’? भाजपा के कुछ नेताओं ने कहा कि अमेरिका से आने वाले जहाज के लिए अमृतसर सबसे नजदीक है इसलिए विमान वहीं पर उतर रहे हैं। इसका जवाब देते हुए मान ने कहा कि अगर यह बात है तो केंद्र सरकार से अमृतसर से अमेरिका की उड़ान क्यों नहीं शुरू कर देती?
भगवंत मान ने आगे कहा, ‘सिर्फ 35 मिनट दूर दिल्ली है अमृतसर से। क्या ट्रंप 35 मिनट का और तेल नहीं डाल पा रहे विमान में? यह तो कोई तर्क ही नहीं है’। मुख्यमंत्री मान ने केंद्र सरकार से कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी करते हैं कि अमेरिका जिन लोगों को डिपोर्ट करेगा, हम उन्हें एक्सेप्ट करेंगे। यह तो अच्छी बात है, लेकिन रिसीव तो इज्जत से किया जाए’। बहरहाल, शनिवार को जो विमान अमृतसर पहुंचा उस में 119 भारतीयों को लाया गया। इनमें पंजाब के 67 और हरियाणा के 33 लोग शामिल हैं। रविवार को आने वाले विमान में 157 भारतीयों को लाया जाएगा।