राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

कांग्रेस संविधान बचाओ आंदोलन करेगी

नई दिल्ली। राहुल गांधी की लोकसभा की सदस्यता समाप्त किए जाने के कांग्रेस ने दिल्ली से लेकर पूरे देश में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने एक बैठक करके राजनीतिक लड़ाई की रणनीति बनाई। कांग्रेस ने तय किया है कि वह सोमवार से प्रखंड से लेकर राजधानी तक संविधान बचाओ आंदोलन करेगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी के सारे नेता जेल जाने को तैयार हैं। इसके साथ ही कांग्रेस ने पूरे देश में ‘डरो मत’ अभियान शुरू करने का ऐलान किया।

राहुल गांधी की सदस्यता रद्द करने का फैसला होने से पहले शुक्रवार को कांग्रेस सहित 14 विपक्षी पार्टियों ने संसद परिसर में प्रदर्शन किया। उसके बाद दिल्ली की सड़कों पर विरोध प्रदर्शन हुए। विपक्षी पार्टियों ने संसद परिसर से विजय चौक तक मार्च निकाला। विपक्षी सांसदों ने हाथ में पोस्टर ले रखे थे, जिन पर लिखा था- लोकतंत्र खतरे में है। सभी विपक्षी पार्टियों ने इस मामले में राहुल गांधी के प्रति समर्थन जाहिर किया है।

बहरहाल, राहुल की सदस्यता जाने के बाद इस मुद्दे पर रणनीति तय करने के लिए कांग्रेस की एक अहम बैठक हुई। बैठक में सोनिया गांधी के साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मौजूद थे। प्रियंका गांधी वाड्रा भी इस बैठक में शामिल हुईं। उन्होंने इससे पहले केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री पर निशाना साधा और कहा कि उन्होंने संसद में नेहरू सरनेम का मजाक उड़ा कर पूरे कश्मीरी समुदाय का अपमान किया था।

राहुल की सदस्यता रद्द करने के फैसले के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा- लोकतंत्र की हिफाजत के लिए हमें जेल भी जाना पड़ा तो जाएंगे। इस बीच दिल्ली में कांग्रेस दफ्तर पर भी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। उनकी पुलिस से झड़प भी हुई। कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। उधर कर्नाटक में भी कांग्रेस ने प्रदर्शन किया, जहां पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार को हिरासत में लिया गया। राहुल गांधी के समर्थन में पार्टी ने सोशल मीडिया पर ‘डरो मत’ अभियान शुरू किया है। पार्टी के ट्विटर हैंडल पर भी इसे लगाया गया है। पार्टी के कार्यकर्ता इसे शेयर कर रहे हैं। इसके अलावा पार्टी के प्रदर्शनों में भी इस नारे को बैनर-पोस्टर पर प्रमुखता से इस्तेमाल किया जा रहा है।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *