मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को देश के सबसे बड़े समुद्रा पुल का उद्घाटन किया है। मुंबई और नवी मुंबई को जोड़ने वाले इस पुल का नाम भाजपा के पहले प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर अटल सेतु रखा गया है। यह पुल 21 किलोमीटर से ज्यादा लंबा है, जिसका 16 किलोमीटर का हिस्सा समुद्र के ऊपर है। यह करीब 18 हजार करोड़ रुपए में बना है। दिसंबर 2016 में प्रधानमंत्री मोदी ने इस पुल की आधारशिला रखी थी। इस पुल की मदद से मुंबई और नवी मुंबई दोनों के बीच की यात्रा का समय दो घंटे से घटकर 20 मिनट रह जाएगा।
अटल सेतु का उद्घाटन करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने रोड शो किया। इसके बाद लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अटल सेतु, विकसित भारत की तस्वीर है। विकसित भारत कैसा होने वाला है, उसकी एक झलक है। मोदी ने शुक्रवार को कहा- आज देश का अंदाज और मिजाज पूरी तरह से युवा है। जो युवा होता है, वो पीछे नहीं रहता, बल्कि लीड करता है। अंतरिक्ष में भेजे गए चंद्रयान-3 और आदित्य एल-1 इसके सबूत हैं। उन्होंने देश के लोगों से अपील करते हुए कहा कि 22 जनवरी तक देश के सभी मंदिरों की साफ-सफाई भी करें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को सबसे पहले महाराष्ट्र के नासिक पहुंचे, जहां उन्होंने में डेढ़ किलोमीटर का रोड शो किया। इसके बाद कालाराम मंदिर में पूजा अर्चना की। मोदी ने दक्षिण की गंगा कही जाने वाली गोदावरी में गंगा पूजा भी की। प्रधानमंत्री ने स्वामी विवेकानंद की जयंती के मौके पर नासिक में 27वें नेशनल यूथ फेस्टिवल का उद्घाटन किया।