राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

चम्पई सोरेन भाजपा में शामिल हुए

रांची। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चम्पई सोरेन आखिरकार भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। दो दिन पहले बुधवार को उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा से इस्तीफा दिया था और साथ ही मंत्री पद और विधानसभा से भी इस्तीफा दे दिया था। शुक्रवार, 30 अगस्त को रांची के धुर्वा स्थित शहीद मैदान में एक कार्यक्रम में भाजपा के चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान और सह प्रभारी हिमंत बिस्व सरमा ने उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलवाई।

इस मौके पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि चम्पई सोरेन के आने से भाजपा मजबूत होगी। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जेएमएम अब पति, पत्नी और दलालों की पार्टी रह गई है। भाजपा में शामिल होने के बाद चम्पई सोरेन ने कहा- मैं दिल का साफ हूं, मैंने कभी नहीं सोचा था मेरी जासूसी होगी। जिसने झारखंड के लिए लड़ाई लड़ी उसके पीछे जासूस लगाया। उस दिन के बाद हमने फैसला लिया कि दल में जाएंगे, जनता की सेवा करेंगे।

चम्पई ने बुधवार, 28 अगस्त को जेएमएम की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देते हुए कहा था- हमने जो भी फैसला लिया है, झारखंड के हित में लिया है। हम संघर्ष करने वाले व्यक्ति हैं, पीछे नहीं हटेंगे। पार्टी हमें जो भी दायित्व देगी, उसी हिसाब से हम काम करेंगे। झारखंड में विकास के साथ-साथ आदिवासियों के अस्तित्व को बचाने के लिए हम कदम उठाएंगे। इस बीच चम्पई सोरेन के मंत्री पद से इस्तीफा देने के एक दिन बाद ही घाटशिला के विधायक रामदास सोरेन को हेमंत सोरेन सरकार में मंत्री बना दिया गया है।

बहरहाल, चम्पई सोरेन ने कहा- छह महीने से मेरे पीछे जासूस लगाए गए, मेरे पास सबूत है। हेमंत जी, भाजपा की सरकार आने दीजिए, पूरा हिसाब होगा। आईजी प्रभात कुमार जी दो महीने बाद हिसाब होगा। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा- चम्पई सोरेन ने आज भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। टाइगर अभी जिंदा है। चम्पई जी ने झारखंड निर्माण में अपना जीवन खपा दिया, ऐसे ही कार्यकर्ता और नेताओं की वजह से अटल जी ने अलग झारखंड बनाया था। जिस चम्पई सोरेन ने माली की तरह जेएमएम को सींचा, अब वो सिर्फ पति, पत्नी और दलालों की पार्टी रह गई है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें