राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

आम आदमी पार्टी ने दी चेतावनी

चंडीगढ़। कांग्रेस से तालमेल की बात पटरी से उतरने के बाद आम आदमी पार्टी के नेता शनिवार को हरियाणा पहुंचे। आप के राज्यसभा सांसद और चुनाव रणनीतिकार संदीप पाठक ने कांग्रेस को चेतावनी देते हुए कहा कि आप को कमजोर समझने की गलती नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल भी शनिवार को हरियाणा पहुंचीं और उन्होंने महम में पार्टी के कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

गौरतलब है कि कांग्रेस अपने 32 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर चुकी है। इसके बाद आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस को चेतावनी दी है। पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री और राज्यसभा सांसद संदीप पाठक ने कहा- हम पूरी तरह तैयार हैं, बस पार्टी प्रदेश अध्यक्ष का इंतजार कर रहे हैं। आदेश मिलते ही सभी सीटों पर उम्मीदवार उतार देंगे। हर सीट पर मजबूती से चुनाव लड़ेंगे। जो हमें कमजोर समझेगा, वो भविष्य में पछताएगा।

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने गठबंधन के तहत चुनाव लड़ा था। कांग्रेस ने प्रदेश की 10 में से एक लोकसभा सीट आप को दी थी, जहां से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने चुनाव लड़े थे, लेकिन वे जीत नहीं पाए थे।

बहरहाल, शनिवार को अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल भी रोहतक के महम में आयोजित आम आदमी पार्टी की रैली में पहुंचीं। वहां उन्होंने हरियाणा में कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं होने के संकेत दिए। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बेटे यानी अरविंद केजरीवाल को जीत दिलाएं। गौरतलब है कि केजरीवाल हरियाणा के ही रहने वाले हैं। सुनीता केजरीवाल ने महम विधानसभा से आम आदमी पार्टी के संभावित उम्मीदवार विकास नेहरा की स्टेज पर पीठ थपथपाई। उनके साथ वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा सहित प्रदेश संगठन के कई नेता मौजूद थे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *