राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

हरियाणा में भाजपा ने 21 और प्रत्याशी घोषित किए

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए 21 प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी कर दी है। पार्टी ने मंगलवार को दूसरी सूची जारी की, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली की टिकट कट गई। पहली सूची में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सीट बदली गई थी और दूसरी सूची में प्रदेश अध्यक्ष की टिकट कट गई है। भाजपा ने प्रदेश अध्यक्ष सहित दो मंत्रियों और सात विधायकों की टिकट काटी है। राज्य की सभी 90 सीटों पर पांच अक्टूबर को मतदान होगा और आठ अक्टूबर को नतीजे आएंगे।

भारतीय जनता पार्टी ने एक सीट से उम्मीदवार बदल दिया है। पिछली बार चुनाव हारे दो पूर्व मंत्रियों को इस बार भाजपा ने फिर से टिकट दी है। भाजपा ने दो मुस्लिम उम्मीदवारों को चुनाव में उतारा है। पिछली बार पार्टी ने तीन मुस्लिम उम्मीदवार उतारे थे। भाजपा अब तक 90 में से 87 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है। अब महेंद्रगढ़, सिरसा और फरीदाबाद एनआईटी से उम्मीदवार की घोषणा बाकी है। कहा जा रहा है कि फरीदाबाद एनआईटी सीट पर केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर अपने बेटे को टिकट दिलाना चाहते हैं।

बहरहाल, भाजपा ने दूसरी सूची में दो महिलाओं को टिकट दिया है। इसमें सोनीपत की राई सीट से प्रदेश अध्यक्ष मोहन बड़ौली की जगह कृष्णा गहलावत और गुरुग्राम की पटौदी सुरक्षित सीट से बिमला चौधरी को टिकट दिया है। भाजपा ने रेवाड़ी की बावल सीट से मंत्री बनवारी लाल का टिकट काट दिया है। उनकी जगह स्वास्थ्य निदेशक के पद से इस्तीफा देने वाले कृष्ण कुमार को मैदान में उतारा गया है। इसी तरह फरीदाबाद की बड़खल सीट से शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा का टिकट काटा गया है। उनकी जगह पर धनेश अदलखा को उतारा गया है।

बरोदा से पिछली बार चुनाव लड़े पहलवान योगेश्वर दत्त की टिकट काट दी गई है। लाडवा से पिछला चुनाव लड़ने वाले पवन सैनी की सीट बदली गई है। उन्हें लाडवा की जगह नारायणगढ़ सीट से उतारा गया है। इस बार लाडवा से सीएम नायब सैनी को उम्मीदवार बनाया गया है। नारायणगढ़ उनकी पुरानी सीट है, जहां से वे 2014 में चुनाव जीते थे। भाजपा ने फिरोजपुर झिरका से नसीम अहमद और पुन्हाना से एजाज खान को उतारा गया है। मुस्लिम बहुल तीसरी सीट नूंह से संजय सिंह को मौका दिया गया है। जुलाना से विनेश फोगाट के सामने भाजपा से पूर्व कैप्टन योगेश बैरागी चुनाव लड़ेंगे। भाजपा ने पिछली बार चुनाव लड़े नौ उम्मीदवारों को बदल दिया है। इनमें बड़े नामों में राई से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन बड़ौली और गोपाल कांडा के भाई गोबिंद कांडा हैं।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *