नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही आम आदमी पार्टी ने अपनी पूरी ताकत लगानी शुरू कर दी है और इसके लिए तरह-तरह की कवायद भी शुरू कर दी गई है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने सफाई कर्मचारियों को अपने घर चाय पर आमंत्रित किया है। आम आदमी पार्टी के स्थापना दिवस और संविधान दिवस के दिन उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं, विधायकों, पार्षद को संबोधित किया था। केजरीवाल ने कहा था कि वह अपने इलाके में काम करने वाले सफाई कर्मियों को अपने घर पर आमंत्रित करें। इसी कड़ी में अरविंद केजरीवाल ने सफाई कर्मियों को अपने घर चाय पर आमंत्रित किया है। अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया (Social Media) पर एक पोस्ट लिखते हुए कहा, “आज मैंने सफाई कर्मचारियों को अपने घर चाय पर आमंत्रित किया है।
Also Read : न्यूजीलैंड के नाथन स्मिथ इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में पदार्पण करेंगे
दिल्ली के सफ़ाई कर्मचारी दिन-रात मेहनत करते हैं, हमारे घर के आस-पास सफाई करते हैं, उनकी मेहनत का आदर करना हम सबका कर्तव्य है। आप भी ये जरूर करें, आपके घर के आसपास जो सफ़ाईकर्मी काम करते हैं उन्हें छुट्टी वाले दिन अपने घर चाय पर बुलाएँ, उनसे सुख-दुख की बात करें, उन्हें बहुत अच्छा लगेगा। आइए, हम सब मिलकर इन्हें सम्मान दें और अपनी दिल्ली को साफ़-स्वच्छ और सुंदर बनाने में अपना योगदान दें। गौरतलब है कि संविधान दिवस के मौके पर अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने अपनी पार्टी की उपलब्धियां गिनाते हुए कार्यकर्ताओं से कहा था कि सफाई कर्मियों का खास ख्याल आम आदमी पार्टी ने रखा है। उन्होंने बताया था कि एमसीडी में हमारी सरकार ने 8,000 से ज्यादा सफाई कर्मियों को पक्का किया है और उन्हें समय पर तनख्वाह दी जा रही है।