देहरादून। पहाड़ी लोगों पर विवादित टिप्पणी करने के बाद विवादों में घिरे उत्तराखंड के वित्त व संसदीय कार्य मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। पिछले दिनों उन्होंने पहाड़ी लोगों पर टिप्पणी की थी, जिसके बाद पहाड़ी बनाम देसी का विवाद शुरू हो गया था। कई जगह प्रेमचंद अग्रवाल के पुतले जलाए गए थे और भाजपा के नेताओं ने भी उनके बयान की आलोचना की थी। इस विवाद की वजह से ऋषिकेश के भाजपा विधायक और वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल का इस्तीफा हो गया है।
पुष्कर सिंह धामी की सरकार में अग्रवाल वित्त के अलावा संसदीय व शहरी विकास विभाग के भी मंत्री थे। पिछले कुछ दिनों से उनको हटाए जाने का मामला जोर पकड़ रहा था। भाजपा के मीडिया विभाग के प्रभारी अनिल बलूनी ने भी विधानसभा में राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों के लोगों के खिलाफ मंत्री के बयान को ‘दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण’ बताया था। पिछले महीने के अंत में सदन के बजट सत्र के दौरान अग्रवाल ने टिप्पणी की थी, जिससे राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों के लोग, नाराज हो गए थे। प्रेमचंद अग्रवाल की टिप्पणी के कारण विरोध प्रदर्शन भी हुए और उनके पुतले भी जलाए गए थे।