नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ का गठन करने का दावा किया है और साथ ही कहा है कि अगर मौका मिलेगा तो वे इसका नेतृत्व करने को तैयार हैं। उनके इस बयान के बाद उद्धव ठाकरे की शिव सेना और अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी ने उनका समर्थन किया है। ममता के इस बयान पर राजनीति तेज हो गई है और भाजपा ने कहा है कि विपक्ष को अब भी राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व पर भरोसा नहीं है।
गौरतलब है कि ममता बनर्जी ने महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन के हवाले से एक इंटरव्यू में कहा- मैंने ‘इंडिया’ गठबंधन बनाया। इसका नेतृत्व करने वाले इसे ठीक से नहीं चला सकते, तो मुझे मौका दें। मैं बंगाल से ही गठबंधन का नेतृत्व करने के लिए तैयार हूं। हालांकि साथ ही उन्होंने यह संदेश भी दिया कि वे बंगाल छोड़ने को तैयार नहीं हैं। यानी उनकी कोई राष्ट्रीय महत्वाकांक्षा नहीं है।
बहरहाल, ममता बनर्जी के बयान का उद्धव ठाकरे की पार्टी के सांसद संजय राउत और समाजवादी पार्टी ने समर्थन किया है। राउत ने ममता को लेकर शनिवार को कहा- हम भी चाहते हैं कि वे विपक्षी गठबंधन की प्रमुख भागीदार बनें। चाहे वह ममता बनर्जी हों, अरविंद केजरीवाल हों या शिव सेना, हम सभी एक साथ हैं। उन्होंने आगे कहा- हम जल्दी ही कोलकाता में ममता बनर्जी से बात करने जाएंगे।
समाजवादी पार्टी के नेता उदयवीर सिंह ने भी ममता बनर्जी के बयान का समर्थन किया। उन्होंने शनिवार को कहा- लोकसभा चुनाव में यूपी की 80 सीटों में से सपा ने 37 सीटें जीतीं। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस ने 42 सीटों में से 29 सीटें जीतीं। भाजपा को इन दो राज्यों में 35 सीटों का नुकसान हुआ। सभी दल सहमत हों तो सपा ममता का समर्थन करेगी। दूसरी ओर भाजपा ने विपक्षी गठबंधन में नेतृत्व को लेकर ममता के बयान पर कहा- विपक्ष के नेताओं को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व पर भरोसा नहीं है। वे अब भी राहुल को राजनीति का कच्चा खिलाड़ी समझते हैं। विपक्ष में कई लोग हैं जो राहुल को राजनीतिक तौर पर विफल मानते हैं।