नई दिल्ली/इम्फाल। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा रविवार, 14 जनवरी को शुरू होगी। पिछले आठ महीने से हिंसाग्रस्त मणिपुर के थौबल से राहुल गांधी की यात्रा शुरू होगी। इसके लिए नेताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। कई नेता शनिवार की रात तक असम की राजधानी गुवाहाटी पहुंच गए, जहां से रविवार की सुबह इम्फाल जाएंगे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भारत जोड़ो यात्रा के दूसरे चरण को हरी झंडी दिखा कर रवाना करेंगे। उनके साथ कांग्रेस के और भी अनेक वरिष्ठ नेता होंगे।
राहुल गांधी की यह यात्रा 20 मार्च 2024 को मुंबई में खत्म होगी।. इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी 15 राज्यों के 110 जिलों से गुजरेंगे और 67 सौ किलोमीटर से कुछ ज्यादा की यात्रा करेंगे। यात्रा के लिए रवाना होने से पहले राहुल गांधी ने दिल्ली में नागरिक समाज और गैर सरकारी संगठनों के लोगों से मुलाकात की थी। गौरतलब है कि राहुल की पहली भारत जोड़ो यात्रा बेहद सफल रही थी और उसे पूरे देश में बड़ा रिस्पांस मिला था। चुनावी साल होने के बावजूद राहुल की इस बार की यात्रा को ज्यादा तवज्जो नहीं मिल रही है। इसका कारण राममंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम भी है।
बहरहाल, कांग्रेस ने यात्रा का माहौल बनाने के लिए दो दिन पहले शुक्रवार को यात्रा का गाना रिलीज किया और उसके बाद कांग्रेस नेताओं ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा के स्टीकर कैंपेन में हिस्सा लिया। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम की प्रभारी सुप्रिया श्रीनेत आदि ने गाड़ियों पर स्टीकर चिपकाए। इस बीच हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू गुवाहाटी पहुंच गए हैं।