Thursday

10-04-2025 Vol 19

भाजपा के 195 प्रत्याशी घोषित

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव की घोषणा से पहले भाजपा ने 195 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की गुरुवार को हुई बैठक के दो दिन बाद शनिवार को पार्टी के उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की गई। पार्टी महासचिव विनोद तावड़े और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने प्रेस कांफ्रेंस करके उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ साथ इसमें 34 केंद्रीय मंत्रियों के नाम शामिल हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह फिर लखनऊ से लड़ेंगे और स्मृति ईरानी अमेठी सीट से चुनाव लड़ेंगी। bjp candidate list 2024

दिल्ली में भाजपा ने एक मनोज तिवारी को छोड़ कर सभी सांसदों की टिकट कटी

पहली सूची के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी तीसरी बार वाराणसी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। अमित शाह दूसरी बार गांधीनगर सीट से प्रत्याशी बनाए गए हैं। राजधानी दिल्ली में भाजपा ने एक मनोज तिवारी को छोड़ कर सभी सांसदों की टिकट काट दी है। केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी की नई दिल्ली सीट पर दिवंगत सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज को टिकट दिया गया है। विवादित सांसद रमेश विधूड़ी की जगह दक्षिण दिल्ली सीट से रामवीर सिंह विधूड़ी चुनाव लड़ेंगे। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल असम की डिब्रूगढ़ सीट से लड़ेंगे।

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विदिशा सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे, जबकि ज्योतिरादित्य सिंधिया को गुना सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। तमाम अटकलों के उलट हेमामालिनी को तीसरी बार मथुरा लोकसभा सीट से टिकट मिल गई है। कांग्रेस के दिग्गज नेता एके एंटनी के बेटे अनिल एंटनी को भी भाजपा ने उम्मीदवार बनाया है। भोपाल में प्रज्ञा ठाकुर की जगह आलोक शर्मा को टिकट मिली है।

दो पूर्व मुख्यमंत्रियों- शिवराज सिंह चौहान और सर्बानंद सोनोवाल को टिकट दिया गया 

लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला अपनी पारंपरिक कोटा सीट से चुनाव लड़ेंगे। केरल में तिरूवनंतपुरम सीट पर कांग्रेस के शशि थरूर के मुकाबले राजीव चंद्रशेखर उम्मीदवार बनाए गए हैं। राजकोट से पुरुषोत्तम रूपाला और पोरबंदर से मनसुख मांडविया चुनाव लड़ेंगे। कोरबा से सरोज पांडे को और दुर्ग से विजय बघेल को उम्मीदवार बनाया गया है। उत्तर प्रदेश की श्रावस्ती सीट से साकेत मिश्रा को टिकट दी गई, जो राम जन्मभूमि न्यास की निर्माण समिति के प्रमुख और प्रधानमंत्री मोदी के प्रधान सचिव रहे नृपेंद्र मिश्रा के बेटे हैं।

भाजपा की ओर से जारी 195 नामों की पहली सूची में दो पूर्व मुख्यमंत्रियों- शिवराज सिंह चौहान और सर्बानंद सोनोवाल को टिकट दिया गया है। इस सूची में 28 महिलाएं और 50 साल से कम उम्र के 47 युवा शामिल हैं। पार्टी ने अनुसूचित जाति के 27 और अनुसूचित जनजाति के 18 उम्मीदवारों की घोषणा की है। पहली सूची में 57 ओबीसी प्रत्याशी हैं। इसमें उत्तर प्रदेश की 51, पश्चिम बंगाल की 20, मध्य प्रदेश की 24, गुजरात की 15, राजस्थान की 15, केरल की 12, तेलंगाना की नौ, असम की 11, दिल्ली की पांच, जम्मू कश्मीर की दो, उत्तराखंड की तीन, अरुणाचल प्रदेश की दो, गोवा, त्रिपुरा, अंडमान, दमन और दीव की एक-एक सीटों के लिए उम्मीदवारों का ऐलान किया गया है।

NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *