Friday

28-02-2025 Vol 19

जदयू की बैठक आज

नई दिल्ली। बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल यू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शुक्रवार को होगी, जिसमें कई अहम फैसले हो सकते हैं। भाजपा और कांग्रेस सहित दोनों गठबंधन की पार्टियों की नजर इस बैठक पर है। बैठक से एक दिन पहले गुरुवार को दिल्ली में पार्टी पदाधिकारियों की बैठक हुई। इस बैठक के बाद पार्टी के अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने सिर्फ इतना कहा कि जो होगा वह कल होगा। इससे पहले उनके इस्तीफे की खबर चल रही थी, जिसे लेकर उन्होंने मीडिया से नाराजगी जाहिर की थी।

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से बिहार में इस बात की चर्चा चल रही है कि जदयू और राजद में सब कुछ ठीक नहीं है और नीतीश कुमार एक बार फिर भाजपा के साथ जा सकते हैं। इसके साथ ही पार्टी टूटने की भी खबर आ रही थी। लेकिन गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और ललन सिंह दोनों ने ऐसी खबरों का खंडन किया। ललन सिंह ने अपने इस्तीफे की खबर पर कहा कि भाजपा के कहने पर मीडिया यह नैरेटिव बना रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी एकजुट है। उधर पटना में गुरुवार को नीतीश कुमार ने भी ललन सिंह के अध्यक्ष पद से हटने की खबरों को गलत बताया। हालांकि एनडीए में जाने की खबरों के बारे में पूछे गए सवालों को वे टाल गए थे।

बहरहाल, गुरुवार को दिल्ली के जदयू ऑफिस में राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में अध्यक्ष ललन सिंह के साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहुंचे। करीब आधे घंटे चली बैठक में एकजुटता दिखाने की कोशिश की गई। बैठक में राज्य सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों के साथ राष्ट्रीय प्रवक्ता केसी त्यागी और अन्य वरिष्ठ सीनियर पदाधिकारी मौजूद थे। बैठक के बाद केसी त्यागी ने कहा कि पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शुक्रवार को साढ़े 11 बजे होगी। इसके बाद साढ़े तीन बजे पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक होगी। वहां सभी प्रस्तावों पर चर्चा होगी।

बताया जा रहा है कि बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पार्टी और गठबंधन को मजबूत करने का संदेश दिया। इससे पहले नीतीश कुमार और राज्य के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव गुरुवार को पटना में भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय अरुण जेटली की राजकीय जयंती समारोह में शामिल हुए। इस दौरान तेजस्वी यादव ने भी ललन के इस्तीफे की खबर को खारिज किया। जदयू की बैठक को लेकर उन्होंने कहा- हर पार्टी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक करती है। हमने भी तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित की थी।

NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *