Monday

07-04-2025 Vol 19

आसमान से बरस रही आग

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में आसमान से आग बरसने का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने बताया है कि बुधवार को भी भीषण गर्मी पड़ती रहेगी। मंगलवार को लगातार चौथे दिन पश्चिमी दिल्ली के नजफगढ़, मंगेशपुर इलाके में तापमान 47 डिग्री से ऊपर रहा। मंगलवार को राजस्थान का फलोदी लगातार तीसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा। वहां तापमान 49 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को हीटवेव चलेगी। इसके बाद 30 मई से गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। बहरहाल, देश में हर दिन तापमान के नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। सोमवार को पंजाब में 46 साल का रिकॉर्ड टूटा। पंजाब के बठिंडा में अधिकतम तापमान 48.4 डिग्री दर्ज किया गया। झांसी में 132 साल बाद सोमवार को 48.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। आगरा में 26 साल का रिकॉर्ड टूटा और तापमान 47.8 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। जम्मू में भी कई जगहों पर तापमान 43 डिग्री को पार कर गया है। ऐसे में जम्मू प्रशासन ने एक जून से सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों के लिए 46 दिनों की गर्मी की छुट्टी हो गई है।

खबरों के मुताबिक उत्तर प्रदेश में सोमवार को गर्मी के कारण 10 लोगों की जान चली गई। राजस्थान में पिछले एक हफ्ते के दौरान 48 लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम विभाग ने बताया कि मंगलवार को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली सहित 10 राज्यों के 75 जगहों का तापमान 45 डिग्री या उससे ज्यादा दर्ज किया गया। रविवार को देश में सिर्फ 37 जगहों का तापमान 45 डिग्री या उससे ज्यादा था।

मौसम विभाग ने बताया है कि 30 मई को एक पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है, जिसके चलते उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बारिश होगी और मैदानों में तापमान तीन से चार दिन तक कुछ कम होगा। इसके अलावा यह भी बताया गया है कि केरल में अगले पांच दिन में मानसून के पहुंचने की स्थिति बनती नजर आ रही है।

NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *