Friday

25-04-2025 Vol 19

कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली सूची जारी

नई दिल्ली। पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपनी पहली सूची जारी कर दी है। नवरात्रों के पहले दिन रविवार को कांग्रेस ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के 229 उम्मीदवारों के नाम जारी किए। इसमें कांग्रेस के सभी बड़े नेताओं के नाम हैं। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ छिंदवाड़ा सीट से चुनाव लड़ेंगे तो छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपनी पारंपरिक पाटन सीट से चुनाव लड़ेंगे। मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने अपने 69 विधायकों को टिकट दी है।

कांग्रेस की पहली सूची में मध्य प्रदेश के 144, छत्तीसगढ़ के 30 और तेलंगाना के 55 उम्मीदवारों के नाम हैं। कांग्रेस ने पहले ही कहा था कि श्राद्ध खत्म होते ही उसकी पहली सूची आएगी। उधर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा था कि कांग्रेस की सूची किश्तों में आएगी। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में दो चरण में मतदान है और पहले चरण का मतदान सात नवंबर को ही है, जिसके लिए नामांकन शुरू हो गया है। बहरहाल, मुख्यमंत्री बघेल पाटन से और उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव अंबिकापुर से चुनाव लड़ेंगे।

बहरहाल, कांग्रेस पार्टी ने मध्य प्रदेश के 144 प्रत्याशियों में से 65 टिकट 50 साल से कम उम्र के लोगों को दिए हैं। इसमें पिछड़ी जाति के 39 प्रत्याशी हैं। अनुसूचित जाति के 22 और अनुसूचित जनजाति के 30 उम्मीदवार के नाम की घोषणा हुई है। महिला आरक्षण की वकालत कर रही कांग्रेस के 144 प्रत्याशियों में सिर्फ 19 महिलाओं को टिकट मिली है। अल्पसंख्यक समाज के छह लोगों को टिकट दी गई है, जिनमें से पांच जैन हैं। मुस्लिम समाज के सिर्फ एक व्यक्ति को टिकट मिली है।

कांग्रेस ने बुधनी सीट पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सामने विक्रम मस्ताल को टिकट दिया है। उन्होंने 2008 में रामायण सीरियल में हनुमान का किरदार निभाया है। इंदौर-एक सीट पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के सामने कांग्रेस के मौजूदा विधायक संजय शुक्ला चुनाव मैदान में होंगे। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए मंत्री तुलसीराम सिलावट के सामने सांवेर से रीना बौरासी को टिकट दिया है।

उधर छत्तीसगढ़ की सूची में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित सभी 13 मंत्री और विधानसभा अध्यक्ष शामिल हैं। जबकि एक पूर्व मंत्री सहित आठ विधायकों के टिकट काटे गए हैं। पहले चरण के 20 सीटों पर मतदान होना है, जिनमें से 19 प्रत्याशी घोषित कर दिए गए हैं। सिर्फ जगदलपुर सीट से प्रत्याशी का ऐलान नहीं किया गया है। चित्रकोट सीट पर राजमन बेंजाम की जगह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद दीपक बैज चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस की पहली 30 नामों की सूची में अनुसूचित जाति के तीन और अनुसूचित जनजाति के 14 उम्मीदवार शामिल हैं। इसें चार महिलाएं और एक मुस्लिम नेता को टिकट दी गई है।

NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *