Friday

25-04-2025 Vol 19

एक्जिट पोल की पतंगबाजी में सस्पेंस

नई दिल्ली। पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों को लेकर आए एक्जिट पोल के नतीजों ने सस्पेंस और बढ़ा दिया है। एक्जिट पोल के नतीजों के मुताबिक दो राज्यों की तस्वीर लगभग स्पष्ट है। राजस्थान में दो को छोड़ कर ज्यादातर चैनल भाजपा को और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को जीत दिला रहे हैं। हालांकि राजस्थान में कांग्रेस और छत्तीसगढ़ में भाजपा पिछड़ने के बावजूद अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। एक्जिट पोल के मुताबिक मध्य प्रदेश में पिछली बार की ही तरह भाजपा और कांग्रेस में कांटे की टक्कर है। उधर तेलंगाना में लगभग सभी एक्जिट पोल में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी होती दिख रही है लेकिन सत्तारूढ़ बीआरएस के साथ कांटे की टक्कर है। मिजोरम में त्रिशंकु विधानसभा बनेगी।

तेलंगाना में मतदान खत्म होने के बाद गुरुवार की शाम को आए एक्जिट पोल में मध्य प्रदेश में ज्यादातर चैनल कांटे की टक्कर दिखा रहे हैं। जी न्यूज-सीएनएक्स ने भाजपा को 118-130 सीट मिलने की भविष्यवाणी की थी है तो जन की बात ने 110-123, रिपब्लिक-पी मार्क ने 118-130 और इंडिया टीवी ने 116 सीटें भाजपा को दी हैं। न्यूज 24 और टुडेज चाणक्य ने भाजपा को 151 सीटें दी हैं। दूसरी ओर दैनिक भास्कर ने कांग्रेस को 105-120 सीट मिलने का अनुमान जताया है। टीवी 9-पोल स्टार्ट ने कांग्रेस को 111-121 और इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया ने 111-121 सीटें दी हैं। जन की बात ने 102 से 125 सीटें मिलने का अनुमान जताया है। राज्य में 230 सीटें हैं और बहुमत का आंकड़ा 116 सीट का है।

जहां तक राजस्थान की बात है तो दो को छोड़ कर लगभग सभी एक्जिट पोल में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिल रहा है। इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया और इंडिया टीवी-सीएनएक्स ने कांग्रेस को भाजपा से ज्यादा सीट मिलने की भविष्यवाणी की है। इंडिया टुडे के मुताबिक कांग्रेस को 86 से 106 सीटें मिल सकती हैं, जबकि इंडिया टीवी के मुताबिक 94-104 सीट कांग्रेस को मिल सकती है। इंडिया टुडे के मुताबिक भाजपा को 80 से 100 और इंडिया टीवी के मुताबिक 80-90 सीट मिल सकती है। जन की बात ने भाजपा को 100 से 122, टाइम्स नाऊ-ईटीजी ने 110-128 और टीवी 9-पोल स्टार्ट ने 100 से 110 सीटों का अनुमान जताया है। इसके मुताबिक कांग्रेस को 90 से 100 सौ सीट मिल सकती है। टाइम्स नाऊ-ईटीजी ने कांग्रेस को 56-72, जन की बात ने 62-85 सीटें दी हैं। राज्य में 200 सीटें हैं और बहुमत का आंकड़ा 101 का है।

छत्तीसगढ़ को लेकर सभी एक्जिट पोल में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बन रही है और बहुमत हासिल कर रही है। हालांकि सबने भाजपा के साथ नजदीकी मुकाबला बताया है। इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया ने कांग्रेस को 40-50 सीट मिलने का अनुमान जताया है। न्यूज 24-टुडेज चाणक्य ने 57, जन की बात ने 42-53, एबीपी-सी वोटर्स ने 41-53, टीवी 9-पोल स्टार्ट ने 40-50, रिपब्लिक-पी मार्क ने 44-52 और इंडिया टीवी-सीएनएक्स ने 46-56 सीटें मिलने का अनुमन जताया है। भाजपा को सबसे ज्यादा 36-48 सीट की भविष्यवाणी एबीपी ने की है, जबकि इंडिया टुडे ने 36 से 46 सीट मिलने का अनुमान जताया है। इंडिया टीवी ने 30-40 सीट का अनुमान जताया है। राज्य की विधानसभा 90 सीट की है और बहुमत का आंकड़ा 46 का है।

दक्षिण भारत के एकमात्र राज्य तेलंगाना में चार बड़े मीडिया समूहों के एक्जिट पोल में कांग्रेस की सरकार बनती दिख रही है। इंडिया टीवी-सीएनएक्स ने 63-79 सीट मिलने का अनुमान जताया है। रिपब्लिक टीवी ने 58-68, टीवी 9 ने 49-59 और जन की बात ने 48-64 सीट मिलने का अनुमान जताया है। चार में से दो सर्वेक्षणों में बीआरएस कांटे की टक्कर दे रही है। राज्य में 119 विधानसभा सीटें हैं और बहुमत का आंकड़ा 59 सीटों का है।

NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *