Tuesday

08-04-2025 Vol 19

उपचुनावों में ‘इंडिया’ की जीत

नई दिल्ली। देश के सात राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ को बड़ी सफलता मिली है। विपक्षी गठबंधन ने 13 में से 10 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए को सिर्फ दो सीटें मिली हैं। एक सीट निर्दलीय के खाते में गई है। कांग्रेस को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बड़ी कामयाबी मिली है तो ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीती हुई तीन सीटें छीन ली हैं। कांटे की टक्कर के बाद भाजपा हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश में एक एक सीट जीत पाई है।

सात राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर 10 जुलाई को वोटिंग हुई थी। इनमें से कांग्रेस ने चार, तृणमूल कांग्रेस ने चार और भारतीय जनता पार्टी ने दो सीटें जीती हैं। आम आदमी पार्टी, डीएमके और निर्दलीय ने एक एक सीट जीती है। इन 13 सीटों में भाजपा के पास तीन सीटें थीं, जिसमें से उसने एक गंवा दी है। उसकी सहयोगी जनता दल यू ने भी अपनी एक सीट गंवा दी है। कांग्रेस के पास पहले से दो सीटें थीं और उसने दो अतिरिक्त सीटें जीती हैं। तृणमूल कांग्रेस ने तीन अतिरिक्त सीटें जीती हैं। बसपा ने उत्तराखंड की अपनी सीट गंवा दी है। तमिलनाडु में डीएमके अपनी सीट बचाने में कामयाब रही है। पंजाब में आम आदमी पार्टी छोड़ कर भाजपा में गए उम्मीदवार हार गए हैं। आप ने अपनी सीट बचा ली है।

सबसे दिलचस्प मुकाबला हिमाचल प्रदेश में था, जहां तीन निर्दलीय विधायक इस्तीफा देकर भाजपा की टिकट से लड़ रहे थे। उनमें से दो हार गए हैं। देहरा सीट पर राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर जीती हैं तो नालागढ़ सीट पर कांग्रेस के हरदीप सिंह बावा चुनाव जीते हैं। भाजपा उम्मीदवार आशीष शर्मा 1,571 वोट के मामूली अंतर से हमीरपुर सीट पर जीते हैं। उत्तराखंड में मंगलौर और बद्रीनाथ दोनों सीटों पर कांग्रेस जीत गई है। अयोध्या के बाद बद्रीनाथ में भाजपा के हारने को लेकर कांग्रेस और दूसरी विपक्षी पार्टियों ने उस पर तंज किया है।

मध्य प्रदेश की अमरवाड़ा सीट पर उपचुनाव हुआ थी, जिसमें कांटे की टक्कर के बाद भाजपा के कमलेश प्रताप शाह तीन हजार वोट से जीते हैं। पश्चिम बंगाल में रायगंज, राणाघाट दक्षिण, मानिकतला और बागदा सीट पर तृणमूल कांग्रेस ने जीत हासिल की है। इनमें से तीन सीटें पहले भाजप के पास थीं। पंजाब की जालंधर पश्चिम सीट से आम आदमी पार्टी के मोहिन्दर भगत चुनाव जीते हैं। तमिलनाडु की विक्रवंडी सीट पर डीएमके जीती है। बिहार की रूपौली सीट पर निर्दलीय शंकर सिंह ने जेडीयू के कलाधर मंडल और राजद की बीमा भारती दोनों को हरा दिया है। यह नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव दोनों के लिए झटका है।

वैसे ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस औपचारिक रूप से ‘इंडिया’ ब्लॉक का हिस्सा नहीं है लेकिन उपचुनावों के नतीजों के बाद कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया पर आम आदमी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस को विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ का हिस्सा बताते हुए लिखा है- इंडिया गठबंधन ने 13 में से 10 सीटें जीत ली हैं। पार्टी ने सातों राज्यों की सीटों की डिटेल भी लिखी है।

NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *