अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दुनिया भर के देशों पर जैसे को तैसा शुल्क लगाने के बाद से पूरी दुनिया में उथलपुथल मची है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने एक लेख लिख कर ग्लोबलाइजेशन खत्म होने की बात कही है। बताया जा रहा है कि वे राष्ट्र को संबोधित करेंगे और आधिकारिक रूप से ग्लोबलाइजेशन खत्म हो जाने का ऐलान करेंगे।
उधर सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने भी शनिवार को कहा कि ग्लोबलाइजेशन और मुक्त व्यापार का दौर अब खत्म हो चुका है। उन्होंने कहा कि अब दुनिया एक नए युग में जा रही है, जो खतरनाक होने वाला है।
सिंगापुर के प्रधानमंत्री वोंग ने कहा कि लोगों को यह मान लेना चाहिए कि अनिश्चितता का दौर आ चुका है। आगे क्या होगा, ये तय नहीं है। चीजें बार बार बदल सकती हैं। इसके लिए पहले से तैयार रहना चाहिए। वोंग ने चेतावनी दी कि अमेरिका की टैरिफ नीति से विश्व अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंच सकता है और यह एक बड़े व्यापार युद्ध को जन्म दे सकता है।
Also Read: अमेरिका का मामला सिर्फ टैक्स तक नहीं है
उनका मानना है कि इससे सप्लाई चेन पर असर पड़ेगा और आर्थिक अस्थिरता बढ़ेगी। उन्होंने यह भी कहा कि टैरिफ समस्या का सिंगापुर जैसे छोटे और व्यापार पर निर्भर देशों पर ज्यादा असर पड़ेगा। ध्यान रहे ट्रंप ने सिंगापुर पर सबसे कम 10 फीसदी शुल्क लगाया है फिर भी चूंकि वह पूरी तरह से व्यापार पर निर्भर देश है इसलिए वहां ज्यादा असर होगा।
ब्रिटिश पीएम कीर स्टार्मर ने ग्लोबलाइजेशन के अंत की बात कही
उधर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने भी शनिवार को एक लेख में ग्लोबलाइजेशन का दौर खत्म हो जाने की बात कही। ब्रिटिश मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वे देश के नाम संबोधन देंगे, जिसमें वे ग्लोबलाइजेशन के खत्म होने का ऐलान करेंगे। खबरों के मुताबिक, स्टार्मर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ लगाने के फैसले से नाराज हैं। उन्होंने कहा कि ग्लोबलाइजेशन अब बहुत से लोगों को कोई फायदा नहीं पहुंचा पा रहा है।
स्टार्मर ने स्वीकार किया है कि इसके बाद प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और दुनिया भर में घरेलू उत्पादन बढ़ाने के प्रयास शुरू होंगे। गौरतलब है कि ट्रंप ने दो अप्रैल को 60 देशों पर जैसे को तैसा शुल्क लगाया, जिसकी दुनिया भर में आलोचना हो रही है।
Pic credit : ANI