वेटिकन सिटी। कैथोलिक ईसाई धर्मगुरु पोप फ्रांसिस का अंतिम संस्कार 26 अप्रैल को किया जाएगा। वेटिकन ने इसकी जानकारी दी है। निधन के बाद उनकी पहली तस्वीर भी जारी की गई है। उनके पार्थिव शरीर को ताबूत में रखा गया है। शव के पास ही धार्मिक नेताओं द्वारा प्रार्थनाएं की गईं। अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू हो गई है। कैथोलिक चर्च के कार्डिनल आज वेटिकन पहुंचेंगे। अंतिम संस्कार में दुनिया भर के नेता और आम लोग जुटेंगे।
पोप फ्रांसिस का निधन, भारत में तीन दिन का राष्ट्रीय शोक
गौरतलब है कि पोप फ्रांसीस का सोमवार को 88 साल की उम्र में निधन हुआ। वेटिकन के मुताबिक स्थानीय समयानुसार सुबह सात बजकर 35 मिनट पर पोप ने आखिरी सांस ली। वेटिकन के मुताबिक पोप का निधन ब्रेन स्ट्रोक और हृदय असफल होने से हुआ। इटली की मीडिया ने भी बताया था कि ब्रेन स्ट्रोक की वजह से पोप के दिमाग में रक्तस्राव हो गया था। अपनी मृत्यु से एक दिन पहले पोप फ्रांसिस ने ईस्टर संडे के लिए मौन आशीर्वाद दिया। उन्होंने एक बयान जारी कर गाजा समेत दुनिया भर में चल रहे संघर्ष पर बात की और शांति की अपील की।
पोप फ्रांसीस के निधन पर भारत में गृह मंत्रालय ने तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। पहले दो दिन का राष्ट्रीय शोक 22 और 23 अप्रैल को रहेगा, जबकि तीसरे दिन का राष्ट्रीय शोक अंतिम संस्कार वाले दिन रहेगा। दुनिया के कई और देशों में राष्ट्रीय शोक की घोषणा की गई है।
Also Read: हिंदु होने की ये कैसी सजा,कलमा पढ़ने से इनकार तो गोली मारी, 6 दिन ही निभा सात जन्मों का साथ
Pic Credit: ANI