नई दिल्ली। देश की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने केंद्र सरकार से कहा है कि जम्मू कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकवादी हमले के बाद असरदार कदम उठाए। कांग्रेस ने कहा है कि वह इस मसले पर सरकार के साथ है। गौरतलब है कि इस हमले में 27 लोगों की जान गई है। हमले के एक दिन बाद बुधवार को पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री पी चिदंबरम ने सरकार को सलाह दी है। उन्होंने कहा कि सरकार को सोच समझकर सबसे असरदार कदम उठाना चाहिए और कांग्रेस पार्टी सरकार के साथ है।
कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने खुफिया जानकारी जुटाने के तरीकों को सुधारने और आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होने की जरुरत बताई। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी पर्यटकों पर हुए हमले को भारत पर सीधा हमला बताया। उन्होंने भी सरकार से कहा कि वह उचित जवाब दे। पी चिदंबरम ने अंग्रेजी के एक अखबार से बात करते हुए कहा कि सरकार को सबसे पहले आतंकियों को पकड़ने के लिए बड़ा अभियान चलाना चाहिए। उन्होंने हमले के बारे में कहा कि यह खुफिया जानकारी की कमी का मामला लगता है। इसलिए सरकार को पुलिस और सुरक्षा बलों के लिए स्थानीय सूत्रों से जानकारी जुटाने की व्यवस्था को सुधारना चाहिए।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा है कि पहलगाम हमला भारत पर सीधा हमला है। उन्होंने सरकार से उचित जवाब देने की मांग की है। इस बारे में चिदंबरम ने कहा, ‘यह सरकार को तय करना है कि वह क्या करती है। कांग्रेस सरकार के फैसले का समर्थन करेगी’। कांग्रेस ने सरकार से इस हमले पर सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की है। चिदंबरम ने कहा कि खड़गे ने कहा है कि सभी जानकारी और तथ्य जुटाने के बाद सर्वदलीय बैठक बुलाई जानी चाहिए। कांग्रेस तथ्यों और जानकारी के आधार पर अपनी राय देगी।