Friday

28-02-2025 Vol 19

नए टाटा प्रमुख नोएल टाटा

मुंबई। रतन टाटा के रिटायर होने के बाद 2012 में टाटा समूह का चेयरमैन नहीं बन सके नोएल टाटा अब टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन होंगे। रतन टाटा के निधन के बाद उनको टाटा ट्रस्ट का चेयरमैन चुना गया है। गौरतलब है कि टाटा समूह में टाटा ट्रस्ट की हिस्सेदारी 66 फीसदी है। नोएल टाटा पहले से दो फैमिली ट्रस्ट के ट्रस्टी हैं। वे रतन टाटा के सौतेले भाई हैं। रतन टाटा के अंतिम संस्कार के एक दिन बाद शुक्रवार, 11 अक्टूबर को नोएल टाटा को टाटा ट्रस्ट का चेयरमैन बनाने की घोषणा हुई।

गौरतलब है कि नौ अक्टूबर को 86 साल की उम्र में रतन टाटा का निधन हो गया था। उनके निधन के बाद नोएल टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन पद के सबसे प्रबल और संभवतः इकलौते दावेदार थे। हालांकि उनके भाई जिम्मी का नाम भी चर्चा में था, लेकिन वे पहले ही रिटायर हो चुके हैं और उनकी सेहत काफी खराब है। बहरहाल, शुक्रवार को मुंबई में टाटा ट्रस्ट की मीटिंग में 66 साल के नोएल के नाम पर सहमति बनी। टाटा ट्रस्ट ने आधिकारिक बयान में कहा कि उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।

टाटा ट्रस्ट का चेयरमैन चुने जाने के बाद नोएल ने कहा- मेरे साथी ट्रस्टियों ने मुझे जो जिम्मेदारी दी है, उससे मैं बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मैं रतन टाटा और टाटा ग्रुप के संस्थापकों की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हूं। उन्होंने कहा- एक सदी से भी पहले स्थापित, टाटा ट्रस्ट सामाजिक भलाई के काम करने का एक यूनिक माध्यम है। हम परोपकारी पहल को आगे बढ़ाने और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए खुद को फिर से समर्पित करते हैं।

गौरतलब है कि नोएल नवल टाटा की दूसरी पत्नी सिमोन के बेटे हैं, जबकि रतन टाटा और जिम्मी टाटा नवल और उनकी पहली पत्नी सूनी की संतान हैं। नोएल ने टाटा इंटरनेशनल से अपने करियर की शुरुआत की। 1999 में वे ग्रुप की रिटेल शाखा ट्रेंट के मैनेजिंग डायरेक्टर बनाए गए। इसे उनकी मां सिमोन ने शुरू किया था। 2010-11 में उन्हें टाटा इंटरनेशनल का चेयरमैन बनाया गया। इसके बाद उनके टाटा ग्रुप का चेयरमैन बनने की चर्चा शुरू हो गई। हालांकि 2012 में रतन टाटा ने 75 साल की उम्र में रिटायर होने के बाद सायरस मिस्त्री का  समर्थन किया, जिससे वे चेयरमैन बन गए।

हालांकि चार साल बाद सायरस मिस्त्री को टाटा समूह के चेयरमैन पद से हटा दिया गया और रतन टाटा ने अंतरिम तौर पर कमान संभाली और फिर एन चंद्रशेखरन को पूर्णकालिक चेयरमैन बनाया गया है। बहरहाल, नोएल टाटा 2018 में टाइटन का वाइस चेयरमैन बने और 2017 में उन्हें ट्रस्ट के बोर्ड में शामिल किया गया।

NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *