नागपुर। औरंगजेब की कब्र हटाने के मसले पर हिंदू संगठनों के प्रदर्शन के बाद नागपुर में हुई सांप्रदायिक हिंसा के मुख्य आरोपी फहीम खान के घर पर सोमवार को बुलडोजर चलाया गया। हिंसा के एक और आरोपी यूसुफ शेख के घर का अवैध निर्माण भी तोड़ा गया। नागपुर नगर निगम ने संजय बाग कॉलोनी, यशोधरा नगर में मौजूद फहीम के मकान का अवैध निर्माण हटाने के लिए रविवार को 24 घंटे का समय दिया था, जो सोमवार को पूरा हो गया।
सांप्रदायिक दंगों के मुख्य आरोपी फहीम का मकान उसकी पत्नी के नाम पर है। नगर निगम ने इसकी बिल्डिंग परमिशन अप्रूवल में गड़बड़ी को लेकर कार्रवाई का नोटिस दिया था। गौरतलब है कि नागपुर में 17 मार्च को औरंगजेब की कब्र हटाने को लेकर हुए प्रदर्शन के बाद हिंसा हुई थी। इसके मास्टरमाइंड फहीम समेत छह आरोपियों के खिलाफ देशद्रोह का केस दर्ज है। फहीम पर पांच सौ से ज्यादा दंगाइयों को इकट्ठा करने और हिंसा को बढ़ावा देने का आरोप है।
नागपुर पुलिस ने दंगों के मामले में एक सौ से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है। 17 मार्च की रात को हुई हिंसा के पांच दिन बाद शनिवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस अपने चुनाव क्षेत्र नागपुर पहुंचे थे, जहां उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान फड़नवीस ने कहा था, ‘नुकसान की भरपाई दंगाइयों की संपत्ति बेचकर वसूली जाएगी। जरूरत पड़ी तो बुलडोजर भी चलाया जाएगा’।