नागपुर। राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ यानी आरएसएस के साथ संबंधों में तनातनी और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में हो रही देरी के बीच रविवार को हिंदू नववर्ष के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आरएसएस मुख्यालय केशव कुंज पहुंचे। वे सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक वहां रहे। यह आरएसएस का शताब्दी वर्ष है और उससे पहले प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली बार मोदी आरएसएस मुख्यालय पहुंचे।
मोदी न सिर्फ केशव कुंज गए, बल्कि उन्होंने संघ की जम कर तारीफ की। उन्होंने संघ प्रमुख मोहन भागवत की भी तारीफ की। इसे संघ के साथ संबंध सुधार की पहल की तौर पर देखा जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने संघ के संस्थापक केशव बलिराम हेडगेवार और दूसरे सरसंघचालक माधव सदाशिव गोलवलकर यानी गुरुजी के स्मारक स्मृति मंदिर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने इसके बाद दीक्षा भूमि जाकर डॉक्टर भीमराव अंबेडकर को भी श्रद्धांजलि दी।
प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी का यह संघ मुख्यालय का पहला दौरा था। इससे पहले जुलाई 2013 में वे लोकसभा चुनाव के सिलसिले में हुई बैठक में शामिल होने नागपुर आए थे। प्रधानमंत्री ने संघ के माधव नेत्रालय के एक्सटेंशन बिल्डिंग की आधारशिला रखी। इस मौके पर उन्होंने आधे घंटे से ज्यादा भाषण दिया और संघ की जम कर तारीफ की।
मोदी ने संघ की तारीफ करते हुए कहा, राष्ट्रीय चेतना के जिस विचार का बीज एक सौ वर्ष पहले बोया गया था, वह आज एक महान वटवृक्ष के रूप में खड़ा है। सिद्धांत और आदर्श इस वटवृक्ष को ऊंचाई देते हैं, जबकि लाखों, करोड़ों स्वयंसेवक इसकी टहनियों के रूप में कार्य कर रहे हैं। संघ भारत की अमर संस्कृति का आधुनिक अक्षय वट है, जो निरंतर भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना को ऊर्जा प्रदान कर रहा है।
मोदी की संघ मुख्यालय यात्रा, युवा और नवाचार पर जोर
उन्होंने कहा, ‘ये आज भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना को लगातार ऊर्जावान बना रहा है’। उन्होंने कहा, ‘स्वयंसेवक के लिए सेवा ही जीवन है। हम देव से देश, राम से राष्ट्र का मंत्र लेकर चल रहे हैं’। संघ प्रमुख के योगदान का सराहना करते हुए मोदी ने कहा, ‘स्वामी विवेकानंद से लेकर डॉक्टर साहब तक, किसी ने भी राष्ट्रीय चेतना को बुझने नहीं दिया’।
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा, ‘भारत की सबसे बड़ी पूंजी हमारा युवा है। देश का युवा आत्मविश्वास से भरा हुआ है। उसकी रिस्क टेकिंग कैपेसिटी पहले से कई गुना बढ़ चुकी है। वह इनोवेशन कर रहा है, स्टार्टअप की दुनिया में परचम लहरा रहा है। अपनी विरासत और संस्कृति पर गर्व करते हुए आगे बढ़ रहा है’। प्रधानमंत्री ने संघ मुख्यालय की यात्रार के दौरान माधव नेत्रालय प्रीमियम सेंटर की नई एक्सटेंशन बिल्डिंग की आधारशिला रखी।
इस इंस्टीट्यूट और रिसर्च सेंटर को 2014 में गोलवलकर की याद में स्थापित किया गया था। इस सेंटर में ढाई सौ बेड का अस्पताल, 14 ओपीडी और 14 आधुनिक ऑपरेशन थिएटर होंगे। मोदी ने इस यात्रा के दौरान नागपुर में सोलर डिफेंस एंड एरोस्पेस लिमिटेड के एम्यूनिशन मैन्यूफैक्चरिंग सेंटर का भी दौरा किया। वहां उन्होंने यूएवी के लिए एक स्पेशल एयरस्ट्रिप का उद्घाटन किया।
Also Read: कप्तान रियान पराग पर धीमी ओवर गति के लिए लगाया गया जुर्माना
Pic Credit : ANI