मुंबई। एनसीपी नेता शरद पवार के भाजपा गठबंधन से जुड़ने के बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि महाराष्ट्र में अब डबल इंजन की बजाय ट्रिपल इंजन की सरकार बन गई है। गौरतलब शिव सेना और भाजपा का गठबंधन पहले से सरकार में है, जिसमें एनसीपी के नेता अजित पवार अपने कुछ विधायकों के साथ शामिल हुए हैं। बहरहाल, अजित पवार को उप मुख्यमंत्री बनाए जाने के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा- हम महाराष्ट्र के विकास के लिए एक साथ आए हैं। अब हमारे पास एक मुख्यमंत्री और दो उप मुख्यमंत्री हैं।
इससे पहले अजित पवार ने रविवार को अपने समर्थक विधायकों के साथ राजभवन में मंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस भी मौजूद थे। शपथ के बाद एकनाथ शिंदे ने कहा- अब हमारे पास एक मुख्यमंत्री और दो उप मुख्यमंत्री हैं। डबल इंजन सरकार अब ट्रिपल इंजन बन गई है। महाराष्ट्र के विकास के लिए, मैं अजीत पवार और उनके नेताओं का स्वागत करता हूं। अजीत पवार का अनुभव महाराष्ट्र को मजबूत करने में मदद करेगा।
मंत्रिमंडल में सीट बंटवारे के सवाल पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा- मंत्रिमंडल में सीट बंटवारे पर चर्चा करने के लिए पर्याप्त समय है। हम महाराष्ट्र के विकास के लिए एक साथ आए हैं। विपक्ष पर निशाना साधते हुए शिंदे ने कहा- उन्हें लोकसभा चुनाव में चार-पांच सीटें मिली थीं, इस बार वे इतनी सीटें भी हासिल नहीं कर पाएंगे। गौरतलब है कि रविवार को हुई शपथ से पहले महाराष्ट्र में सिर्फ 20 ही मंत्री थे, जबकि कुल 42 मंत्री बनाए जा सकते हैं।