नई दिल्ली। वैसे अभी तक आधिकारिक रूप से इसकी घोषणा नहीं हुई है लेकिन लुटियन की दिल्ली के तुगलक रोड का नाम बदलने का अटकलें हैं। यह अटकल इसलिए है क्योंकि भाजपा के एक सांसद और एक केंद्रीय मंत्री ने तुगलक लेन पर स्थित अपने आवास के बाहर नेम प्लेट पर विवेकानंद मार्ग लिख दिया है। भाजपा सांसद दिनेश शर्मा और केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर के सरकारी आवास के बाहर तुगलक लेन की जगह विवेकानंद मार्ग लिखा गया है।
इससे पहले औरंगजेब रोड का नाम बदल कर एपीजे अब्दुल कलाम रोड किया गया था। दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने के बाद कई और सड़कों और जगहों के नाम बदलने की चर्चा है। 27 फरवरी को दिल्ली विधानसभा के सत्र में भाजपा विधायक नीलम पहलवान ने विधानसभा में नजफगढ़ का नाम बदलने का प्रस्ताव रखा था। उन्होंने नजफगढ़ का नाम बदलकर नाहरगढ़ करने की मांग की। वहीं दक्षिणी दिल्ली के आरके पुरम से भाजपा विधायक अनिल शर्मा ने गांव मोहम्मदपुर का नाम बदलने की मांग की। इससे पहले विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने मुस्तफाबाद का नाम बदलने की मांग की थी।