Wednesday

02-04-2025 Vol 19

संगठन को लेकर भाजपा की अहम बैठक

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले संगठन में बदलाव पर विचार कर रही है। केंद्र सरकार में और कई राज्यों में भाजपा की सरकारों में भी फेरबदल की चर्चा है लेकिन उससे पहले बताया जा रहा है कि संगठन में कुछ बदलाव होंगे। कई राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों का कार्यकाल पूरा हो गया है। इस सिलसिले में सोमवार की रात और मंगलवार को भाजपा की एक अहम बैठक हुई है। बताया जा रहा है कि इसमें पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव को लेकर भी बातचीत हुई है।

साल के अंत में होने वाले चुनावों की तैयारी और संगठन को मजबूत करने के बारे में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने सोमवार देर रात भाजपा मुख्यालय के साथ ही बने आवासीय सह कार्यालय परिसर में मुलाकात की। बताया जा रहा है कि पार्टी के शीर्ष तीन नेताओं ने पार्टी संगठन की स्थिति और चुनावी  तैयारियों पर विचार किया। भाजपा की यह उच्चस्तरीय बैठक सोमवार देर रात करीब चार घंटे और मंगलवार सुबह से करीब छह घंटे हुई।

भाजपा के जानकार सूत्रों के मुताबिक, संगठन के खाली पदों को भरने के बारे में इस बैठक में चर्चा हुई। बताया जा रहा है कि पदाधिकारी लंबे समय से अपने पद पर हैं। उनको बदलने के बारे में चर्चा हुई। बैठक में केंद्रीय संगठन में फेरबदल पर भी चर्चा होने की खबर है। चुनावों को देखते हुए कुछ महत्वपूर्ण राज्यों के प्रदेश प्रभारी बदलने की संभावना हैं। कुछ राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष बदलने पर भी चर्चा हुई है। अगले कुछ दिन तक इस तरह की बैठकें होंगी और आने वाले दिनों में आरएसएस के नेताओं के साथ भी भाजपा की चर्चा हो सकती है।

NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *