Saturday

01-03-2025 Vol 19

फिर जेल से बाहर राम रहीम

चंडीगढ़। हर छोटे बड़े चुनाव से पहले डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम के जेल से बाहर आने का सिलसिला जारी है। अदालत की नाराजगी और कई शिकायतों के बावजूद एक बार फिर हरियाणा की भाजपा सरकार ने साध्वियों के यौन शोषण और हत्या के मामले में सजा काट रहा डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की फरलो मंजूर कर ली। राज्य की भाजपा सरकार द्वारा फरलो मंजूर किए जाने के बाद राम रहीम एक बार फिर जेल से बाहर आया है।

गौरतलब है कि अगले दो से तीन महीने में हरियाणा विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। उससे ठीक पहले राम रहीम की 21 दिन की फरलो मंजूर हुई है। वह जेल से बाहर निकलने के बाद उत्तर प्रदेश के बागपत में बरनावा आश्रम पहुंच गया। इससे दो दिन पहले ही पंजाब व हरियाणा हाई कोर्ट ने हरियाणा सरकार को कहा था कि वह राम रहीम को सोच समझकर ही फरलो या पैरोल दे। इसके बाद सरकार ने राम रहीम को इस शर्त पर फरलो दी कि वह सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा में नहीं जाएगा। वह 21 दिन बागपत स्थित बरनावा आश्रम में रहेगा।

बहरहाल, बरनावा आश्रम पहुंचकर राम रहीम ने 23 सेकेंड का वीडियो जारी किया। इसमें उसने कहा- प्यारी साध संगत जी, आपके दर्शनों के लिए फिर से हाजिर हुए हैं। आप अपने अपने घरों में रहना। किसी ने यहां नहीं आना। जैसे ही सेवादार, जिम्मेदार आपको बताएंगे, उसी हिसाब से सेवा करनी है। सबको बहुत बहुत आशीर्वाद। इससे पहले 10 अगस्त को हाई कोर्ट ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, एसजीपीसी की याचिका को खारिज कर दी थी, जिसमें राम रहीम को बार बार पैरोल या फरलो देने पर सवाल उठाए गए थे। हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया है कि राज्य सरकार ऐसे मुद्दों पर निर्णय लेने में सक्षम है। गौरतलब है कि राम रहीम साध्वियों के यौन शोषण और हत्या के मामले में सजा पाया हुआ है और हरियाणा में रोहतक की सुनारिया जेल में बंद है।

NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *