मुंबई। महाराष्ट्र के नासिक में प्रशिक्षण के दौरान दो अग्निवीरों की मौत हो गई है। राज्य में विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं और उससे पहले हुई इस घटना को लेकर राजनीति शुरू हो गई है। एनसीपी ने दोनों अग्निवीरों को शहीद का दर्जा देने की मांग की है। इससे पहले महाराष्ट्र के नासिक में आर्टिलरी सेंटर में तोप दागने की प्रैक्टिस के दौरान दो अग्निवीरों की जान चली गई। ये घटना गुरुवार, नौ अक्टूबर को हुई थी। इसकी जानकारी शुक्रवार, 10 अक्टूबर को सामने आई।
बताया गया है कि हादसा गुरुवार को दोपहर 12 बजे के करीब देवकाली फील्ड फायरिंग रेंज में हुआ। उन्होंने बताया कि 20 साल के गोहिल विश्वराज सिंह, 21 साल के सैफत शित और 20 साल के अप्पाला स्वामी अपनी टीम के साथ तोप से गोला दागने की प्रैक्टिस कर रहे थे। इसी दौरान एक गोले में ब्लास्ट हुआ। तीनों अग्निवीर दूर जाकर गिरे और उनके शरीर में मेटल के टुकड़े धंस गए। घटना में गोहिल और सैफत गंभीर रूप से जख्मी हुए और अप्पाला को भी चोट आई। तीनों को देवकाली कैंप के एमएच अस्पताल में भर्ती कराया। रात में गोहिल और सैफत की मौत हो गई।
घटना की जानकारी सामने आने के बाद एनसीपी ने कहा है कि दोनों को शहीद का दर्जा दिया जाए। एनसीपी की सांसद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- ये घटना बेहद दुखद है। इन दोनों जवानों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि। रक्षा मंत्रालय को इन दोनों जवानों को शहीद का दर्जा देना चाहिए। साथ ही उनके परिवारों को मुआवजा भी दें।