नई दिल्ली। शनिवार, आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर दिल्ली की भारतीय जनता पार्टी सरकार महिला समृद्धि योजना शुरू करेगी। इस योजना के तहत एक निश्चित मानदंड पूरे करने वाली महिलाओं को हर महीने ढाई हजार रुपए दिए जाएंगे। इस योजना को लॉन्च करने के लिए जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसमें भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल होंगे। पहले कहा जा रहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस योजना की शुरुआत करेंगे।
बहरहाल, बताया जा योजना का लाभ उन महिलाओं को मिलेगा जिनकी सलाना आय तीन लाख रुपए से कम है और जो टैक्स नहीं देतीं। योजना का लाभ 18 से 60 साल तक की ऐसी महिलाओं को मिलेगा, जो सरकारी नौकरी नहीं करतीं और जिनको अन्य सरकारी वित्तीय सहायता नहीं मिल रही है। महिला समृद्धि योजना का लाभ उठाने के लिए महिलाओं को ई रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा। इसके लिए सरकार आठ मार्च को एक स्पेशल पोर्टल और मोबाइल ऐप लॉन्च करेगी, जहां महिलाएं अपने जरूरी दस्तावेज, जैसे वोटर कार्ड, बीपीएल कार्ड, आधार कार्ड और आय प्रमाण पत्र जमा करके आवेदन कर सकेंगी।
दिल्ली में 72 लाख महिला मतदाता हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक करीब 20 लाख महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलगा। सरकार महिला लाभार्थियों की पहचान के लिए अलग अलग विभागों से आंकड़े इकट्ठा कर रही है। बहरहाल, महिला समृद्धि योजना की शुरुआत के लिए जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें करीब पांच हजार महिलाओं के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।