Thursday

24-04-2025 Vol 19

कांग्रेस, आप वालों को भाजपा की टिकट

Delhi election 2025: भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। भाजपा की 30 उम्मीदवारों की पहली सूची में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेताओं की भरमार है।

कांग्रेस की शीला दीक्षित सरकार में मंत्री रहे नेताओं से लेकर आप के कई पूर्व विधायकों को भाजपा ने टिकट दी है।

साथ ही भाजपा ने अपने दो पूर्व सांसदों को भी विधानसभा का उम्मीदवार बनाया है। गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी सभी 70 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर चुकी है, जबकि कांग्रेस ने 48 उम्मीदवार घोषित किए हैं।

also read: अमृतपाल की पार्टी से सबको परेशानी

पहले से चल रही चर्चा के मुताबिक ही भाजपा ने नई दिल्ली विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के खिलाफ पूर्व सांसद प्रवेश साहिब सिंह वर्मा को उम्मीदवार बनाया है।

लेकिन सबसे चौंकाने वाली उम्मीदवारी पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी की है, जिनको कालकाजी सीट पर मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ उतारा गया है। पहले उनके अपनी पुरानी तुगलकाबाद सीट से लड़ने की चर्चा थी।

आतिशी के खिलाफ कांग्रेस ने महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा को उम्मीदवार बनाया है और नई दिल्ली से पूर्व सांसद संदीप दीक्षित चुनाव लड़ रहे हैं।

शीला दीक्षित की सरकार में मंत्री और बाद में प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष रहे अरविंदर सिंह लवली को भाजपा ने गांधीनगर से उम्मीदवार बनाया है।

वहां से भाजपा के अनिल वाजपेयी विधायक थे, जिनकी टिकट कट गई है। शीला सरकार में दलित चेहरा रहे ताकतवर मंत्री राजकुमार चौहान को भाजपा ने मंगोलपुरी से टिकट दिया है।

कांग्रेस पार्टी के तीन बार विधायक रहे तरविंदर सिंह मारवाह को भाजपा ने जंगपुरा सीट से उम्मीदवार बनाया है, जहां से पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया चुनाव लड़ रहे हैं।

कैलाश गहलोत भाजपा के उम्मीदवार

अरविंद केजरीवाल और बाद में आतिशी सरकार में भी महत्वपूर्ण मंत्री रहे कैलाश गहलोत को भाजपा ने बिजवासन सीट से उम्मीदवार बनाया है।

वे कुछ दिन पहले ही आप छोड़ कर भाजपा में गए थे। छत्तरपुर सीट से आम आदमी पार्टी के विधायक रहे करतार सिंह तंवर को उसी सीट से भाजपा ने टिकट दी है।

आम आदमी पार्टी सरकार में मंत्री रहे राजकुमार आनंद को भाजपा ने पटेलनगर से टिकट दी है। बदरपुर से विधायक रहे आप के नेता एनडी शर्मा को भाजपा ने इसी सीट से टिकट दी है।

कांग्रेस की 6 उम्मीदवारों का ऐलान (Delhi election 2025)

जहां तक कांग्रेस के अपने नेताओं का सवाल है तो उसने आठ मौजूदा विधायकों में से छह की उम्मीदवारी का ऐलान पहली सूची में कर दिया है।

भाजपा विधायक दल के नेता विजेंद्र गुप्ता अपनी पारंपरिक रोहिणी सीट से लड़ेंगे। विश्वासनगर से ओपी शर्मा, घोंडा से अजय महावर और रोहतास नगर से जितेंद्र महाजन चुनाव लड़ेंगे।

भाजपा ने अपने एक पार्षद रविंदर सिंह नेगी को पटपड़गंज सीट से उम्मीदवार बनाया है, जहां आप ने मनीष सिसोदिया की जगह अवध ओझा को उतारा है।

BJP के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद रहे दुष्यंत गौतम को करोलबाग सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। भाजपा ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय को मालवीय नगर सीट से प्रत्याशी बनाया है।

NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *