Friday

28-02-2025 Vol 19

नवंबर में 1.67 लाख करोड़ का जीएसटी संग्रह

नई दिल्ली। त्योहारों के सीजन में नवंबर के महीने में एक बार फिर वस्तु व सेवा कर यानी जीएसटी का संग्रह डेढ़ लाख करोड़ रुपए से ज्यादा रहा। सरकार ने नवंबर 2023 में जीएसटी से 1.67 लाख करोड़ रुपए जुटाए हैं। यह एक साल पहले यानी नवंबर 2022 के मुकाबले 15 फीसदी ज्यादा है। पिछले साल नवंबर में जीएसटी का संग्रह 1.46 लाख करोड़ रुपए रहा था।

बहरहाल, इस साल अक्टूबर में सरकार ने जीएसटी से 1.72 लाख करोड़ रुपए जुटाए थे। यानी नवंबर में इसमें थोड़ी कमी आ गई। फिर भी लगातार नौंवी  बार ऐसा हुआ है कि राजस्तव संग्रह डेढ़ लाख करोड़ रुपए से ऊपर रहा है। हालांकि अब तक सबसे ज्यादा जीएसटी कलेक्‍शन अप्रैल 2023 में हुआ था, जब ये आंकड़ा 1.87 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया था। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक लगातार 21 महीने से देश का जीएसटी कलेक्‍शन 1.4 लाख करोड़ रुपए से ऊपर बना हुआ है।

वित्त मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों में बताया गया- नवंबर 2023 में जीएसटी संग्रह 1,67,929 करोड़ रुपए रहा है। इसमें केंद्रीय यानी सीजीएसटी 30,420 करोड़ रुपए, राज्यों का यानी एसजीएसटी 38,226 करोड़ रुपए, केंद्रीकृत यानी आईजीएसटी 87,009 करोड़ रुपए और उपकर 12,274 करोड़ रुपए रहा है। उपकर में माल के आयात से मिले 1,036 करोड़ रुपए शामिल हैं। वित्त वर्ष 2023-24 में अभी तक यानी पिछले आठ महीने में अब तक कुल 13.32 लाख करोड़ रुपए का जीएसटी कलेक्शन हुआ है। पिछले वित्त वर्ष में यह 18.10 लाख करोड़ रुपए का रहा था।

NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *