Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

येचुरी ‘बॉस’ को श्रद्धांजलि देने नहीं पहुंचे राहुल

कांग्रेस नेता राहुल गांधी का फिर कोई पता नहीं है। उनको लेकर रेडियो साइलेंस है। वे अमेरिका में ही हैं या कहीं और चले गए यह किसी को पता नहीं है। अमेरिका में उनका तीन दिन का आधिकारिक कार्यक्रम था। वे टेक्सास के डलास पहुंचेस वर्जिनिया गए और वॉशिंगटन डीसी गए। उन्होंने जॉर्जटाउन यूनिवर्सिटी में छात्रों को संबोधित किया। फिर वॉशिंगटन डीसी में नेशनल प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने वॉशिंगटन में ही अमेरिकी कांग्रेस के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। उसके बाद वे कहां गए यह पता नहीं है। तीन दिन तक उनकी खबरें आती रहीं और उन पर विवाद होते रहे लेकिन उसके बाद से कोई खबर नहीं है। वे कहीं निजी यात्रा पर हैं या कोई निजी कार्यक्रम है तो उसके बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।

राहुल गांधी अमेरिका की तीन दिन की यात्रा पर आठ सितंबर को पहुंचे थे और 10 सितंबर तक उनके सारे कार्यक्रम हो गए। लेकिन वे भारत नहीं लौटे। इस बीच 12 सितंबर को सीपीएम के महासचिव सीताराम येचुरी का निधन हो गया। उनका शव उनके वसंत कुंज स्थित आवास पर रखा गया और 14 सितंबर को गोल मार्केट में स्थित पार्टी मुख्यालय में रखा गया। राहुल की यात्रा 10 को पूरी हो गई थी और हो सकता है कि उनका कोई दूसरा निजी कार्यक्रम हो। लेकिन सीताराम येचुरी को श्रद्धांजलि देने के लिए वे आ सकते थे। आखिर वे सीताराम को ‘बॉस’ कहते थे उनसे अपनी आत्मीयता जताते थे। लेकिन राहुल नहीं आए तो उनकी मां और कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने येचुरी को श्रद्धांजलि दी। भाजपा की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सीपीएम मुख्यालय में जाकर उनको श्रद्धांजलि दी।

Exit mobile version