Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

भाजपा के कई राज्यसभा सांसद लड़ेंगे लोकसभा

लोकसभा चुनावों में भाजपा

भारतीय जनता पार्टी अपने कई राज्यसभा सांसदों को लोकसभा चुनाव लड़ाने पर विचार कर रही है। बताया जा रहा है कि नए लोगों को राज्यसभा में लाया जाएगा और पार्टी के दिग्गज नेताओं को लोकसभा चुनाव में उतारा जाएगा। ऐसे नेताओं में कई केंद्रीय मंत्री शामिल हैं तो संगठन से जुड़े भी कई नेता शामिल हैं। इस साल खाली हो रही राज्यसभा की सीटों में नौ केंद्रीय मंत्रियों की सीटें हैं। भूपेंद्र यादव, मनसुख मांडविया, धर्मेंद्र प्रधान, अश्विनी वैष्णव, नारायण राणे, पुरुषोत्तम रुपाला, वी मुरलीधरन, एल मुरुगन और राजीव चंद्रशेखर इस साल रिटायर हो रहे हैं। भाजपा के जानकार सूत्रों के मुताबिक इनमें से ज्यादातर केंद्रीय मंत्रियों को लोकसभा का चुनाव लड़ने को कहा जा सकता है।

बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र प्रधान ओडिशा की संभलपुर सीट से लड़ सकते हैं तो भूपेंद्र यादव को अलवर सीट से लड़ने को कहा जा सकता है। इस सीट के सांसद बाबा बालकनाथ राजस्थान में विधायक बन गए हैं। इसी तरह वी मुरलीधरन को त्रिवेंद्रम से और मुरुगन को तमिलनाडु की किसी सीट से लड़ने को कहा जा सकता है। राजीव चंद्रशेखर के बारे में कहा जा रहा है कि वे उत्तरी बेंगलुरू सीट से लड़ सकते हैं। वैसे उनके केरल की किसी सीट से भी लड़ने की चर्चा हो रही है। इनके अलावा मनसुख मंडाविया के लिए बताया जा रहा है कि वे गुजरात की भावनगर सीट से लड़ सकते हैं। पुरुषोत्तम रूपाला और नारायण राणे के भी चुनाव लड़ने की संभावना है।

केंद्रीय मंत्रियों में कुछ ऐसे भी हैं, जिनका राज्यसभा का कार्यकाल पूरा नहीं हो रहा है लेकिन उनको लोकसभा का चुनाव लड़ाया जा सकता है। बताया जा रहा है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को चेन्नई और हरदीप सिंह पुरी को फिर से अमृतसर से लड़ने के लिए कहा जा सकता है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के बारे में बहुत दिलचस्प चर्चा है। बताया जा रहा है कि वे मुंबई दक्षिण से लड़ सकते हैं या उत्तर प्रदेश की मेरठ सीट से उनको लड़ाया जा सकता है। ज्योतिरादित्य सिंधिया गुना या ग्वालियर से चुनाव लड़ सकते हैं। मंत्रियों के अलावा भाजपा के बड़े नेताओं में महासचिव अरुण सिंह के मथुरा या गाजियाबाद से लड़ने की चर्चा है तो डॉक्टर अनिल जैन के फिरोजाबाद या मेरठ से लड़ने की चर्चा है। इनके अलावा जीवीएल नरसिंह राव के विजयवाड़ा, बीएल वर्मा के बदायूं, नीरज शेखर के बलिया, सुरेंद्र सिंह नागर के फरीदाबाद, सरोज पांडेय के दुर्ग और राकेश सिन्हा के बेगूसराय से लड़ने की चर्चा है।

Exit mobile version