Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

संजय सिंह की हिरासत 10 नवंबर तक बढ़ी

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह की न्यायिक हिरासत 10 नवंबर तक बढ़ा दी गई है। नई शराब नीति घोटाला मामले में धन शोधन के आरोप में गिरफ्तार संजय सिंह के शुक्रवार को राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया। वहां अदालत ने संजय सिंह की न्यायिक हिरासत 10 नवंबर तक बढ़ा दी। इस मामले में आप के एक अन्य नेता मनीष सिसोदिया भी जेल में हैं।

शुक्रवार को अदालत में पेशी के बाद बाहर निकलते हुए संजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा- अगर मोदी जी की जांच हो जाए तो उन्हें जिंदगी भर जेल में रहना पड़ेगा। मोदी जी एक भ्रष्ट नेता है, वे अडानी के साथ मिलकर भ्रष्टाचार करते हैं। इस बीच संजय सिंह के वकील ने बताया है कि उन्होंने अदालत में तीन आवेदन दिए थे, जिन्हें कोर्ट ने स्वीकार कर लिया है।

उन्होंने अदालत को बताया कि संजय सिंह को ग्लूकोमा है, जिसका इलाज गिरफ्तारी से पहले से चल रहा है। इसलिए उन्हें प्राइवेट अस्पताल में कराने की अनुमति दी जाए। अदालत ने इसकी रिपोर्ट देखने के बाद इलाज जारी रखने की अनुमति दे दी। इसके अलावा संसदीय क्षेत्र की विकास योजनाओं का फंड जारी करने और घर के खर्च के लिए चेक देने का आवेदन भी दिया था, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया। गौरतलब है कि ईडी ने संजय सिंह को धन शोधन मामले में गिरफ्तार किया है।

Exit mobile version