Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

राजनाथ ने चीन को दी नसीहत

राजनाथ

Rajnath Singh

इटानगर। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारत के राज्य अरुणाचल प्रदेश की जगहों का नाम बदलने को लेकर चीन को नसीहत दी है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि अगर भारत चीन की कुछ जगहों का नाम बदल दे तो क्या चीन वो जगहें भारत को दे देगा?

इसके बाद चीन को नसीहत देते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि उसे ऐसा नहीं करना चाहिए। भारतीय क्षेत्र का नाम बदलने को लेकर चीन की निंदा भी की। उन्होंने कहा कि अरुणाचल प्रदेश की जगहों के नाम बदलने से चीन को कुछ हासिल नहीं होगा। चीन को ऐसी गलती नहीं करनी चाहिए। ऐसा करने से दोनों देशों के रिश्तों पर असर पड़ता है।

राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा और कहा- भाजपा के सत्ता में आने से पहले चीन ने भारत के कई इलाकों पर कब्जा किया था। लेकिन अब कोई भारत की भूमि नहीं ले सकता है। हमने कांग्रेस की गलतियां सुधार ली हैं। कांग्रेस बॉर्डर के गांवों को आखिरी गांव कहती थी। पर हम इन्हें पहला गांव कहते हैं। उन्होंने कहा- ये गांव रणनीतिक रूप से हमारे लिए अहम हैं। यहां रहने वाले लोग हमारे लिए संपत्ति हैं। राजनाथ सिंह ने चीन की सीमा के नजदीक अरुणाचल प्रदेश के नामसाई में एक सार्वजनिक सभा में चीन की निंदा की और साथ ही उसे नसीहत भी दी।

इससे कुछ ही दिन पहले विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी चीन को लेकर कई बयान दिए थे। टोक्यो में गुरुवार को रायसीना राउंडटेबल में बोलते हुए जयशंकर ने कहा था- 1975 से 2020 तक सीमा पर शांति थी। 2020 में सब बदल गया। उन्होंने चीन को लेकर कहा था- हम कई मुद्दों पर सहमत नहीं हैं। जब पड़ोसी लिखित समझौतों का उल्लंघन करे तो ये चिंता की बात है। इससे दोनों के रिश्तों की स्थिरता पर सवाल खड़े होते हैं।

Exit mobile version