Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

तूफान रेमल से पूर्वोत्तर में तबाही

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में रविवार को आए तूफान रेमल का जितना असर बंगाल पर हुआ उससे ज्यादा असर पूर्वोत्तर के राज्यों में दिख रहा है। पश्चिम बंगाल में इस तूफान की वजह से छह लोगों की मौत हुई। बंगाल में तूफान के कमजोर पड़ने के बाद भी पूर्वोत्तर के मिजोरम में तूफान के कारण लगातार बारिश हो रही है। लगातार बारिश की वजह से मंगलवार सुबह छह बजे आइजोल में एक पत्थर की खदान ढह गई। अब तक इसमें 17 लोगों की मौत हुई है। मरने वालों में चार साल का लड़का और छह  साल की एक लड़की भी शामिल है। दो लोगों का बचाया गया है।

मिजोरम के पुलिस महानिदेशक, डीजीपी अनिल शुक्ला ने बताया कि अब तक 17 शव निकाले गए हैं। इनमें में आठ स्थानीय लोगों के हैं, जबकि चार दूसरे राज्यों के हैं। बाकी शवों की पहचान की जा रही है। मलबे में छह से सात और लोगों के दबे होने की आशंका है। लेकिन भारी बारिश की वजह से उन्हें निकालने में दिक्कत हो रही है। मिजोरम के अलावा असम में भी मंगलवार को तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। मोरीगांव जिले में ऑटो रिक्शा पर पेड़ गिरने से एक छात्र की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। लखीमपुर में भूस्खलन के चलते एक व्यक्ति की जान चली गई। उधर सोनितपुर जिले में एक स्कूल बस पर पेड़ गिर गया, इसमें 12 बच्चे घायल हो गए।

बहरहाल, मिजोरम में लगातार बारिश के कारण सभी स्कूल और सरकारी दफ्तर मंगलवार को  बंद कर दिए गए। निजी कंपनियों को अपने कर्मचारियों से घर से काम करवाने के लिए कहा गया है। राज्य में कई और जगह भी भूस्खलन हुए हैं। इसमें दो लोगों की मौत हुई। आइजोल के सलेम वेंग में लैंडस्लाइड के बाद एक इमारत पानी के साथ बह गई, जिसके बाद तीन लोग लापता हैं। पुलिस ने बताया कि हुनथर में नेशनल हाईवे-6 पर भूस्खलन के कारण आइजोल देश के बाकी हिस्सों से कट गया है। राज्य के भीतर कई स्टेट हाईवे भी बंद हैं।

Exit mobile version