Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

भजनलाल शर्मा होंगे सीएम

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के पहली बार के विधायक भजनलाल शर्मा राजस्थान के मुख्यमंत्री होंगे। मंगलवार को जयपुर में हुई विधायक दल की बैठक में उनको नेता चुने जाने का ऐलान किया गया। वे सांगानेर विधानसभा सीट से चुनाव जीते हैं। भाजपा आलाकमान की ओर से उनका नाम तय किया गया था, जिसकी घोषणा विधायक दल की बैठक में हुई। केंद्रीय पर्यवेक्षक राजनाथ सिंह की मौजूदगी में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने एक पर्ची पर लिखा हुआ भजनलाल शर्मा का नाम पढ़ा और सभी विधायकों ने उस पर सहमति दी।

भजनलाल शर्मा राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ की पृष्ठभूमि से आते हैं। वे मूल रूप से भरतपुर के रहने वाले हैं। वसुंधरा राजे के करीबी माने जाने वाले सांगानेर के मौजूदा विधायक अशोक लाहोटी की टिकट काट कर भजनलाल शर्मा को टिकट दी गई थी। वे प्रदेश महामंत्री के पद पर भी थे। गौरतलब है कि इससे पहले भाजपा ने छत्तीसगढ़ में आदिवासी नेत विष्णु देव साय को और मध्य प्रदेश में पिछड़े वर्ग से आने वाले मोहन यादव को मुख्यमंत्री बनाने का फैसला किया था। भजनलाल शर्मा राजस्थान में भाजपा के पहले ब्राह्मण मुख्यमंत्री होंगे।

उनके साथ पूर्व सांसद दीया कुमारी को उप मुख्यमंत्री बनाने का फैसला किया गया है। दलित समुदाय से आने वाले प्रेमचंद बैरवा भी उप मुख्यमंत्री होंगे। इसके अलावा अजमेर उत्तर से विधायक वासुदेव देवनानी विधानसभा स्पीकर होंगे। भाजपा ने तीनों बड़े पद जयपुर को ही दिए हैं। भजनलाल शर्मा जयपुर की सांगानेर सीट से विधायक हैं। वहीं, दीया कुमारी जयपुर की विद्याधर नगर सीट से जीती हैं तो प्रेमचंद बैरवा जयपुर जिले की दूदू सीट से विधायक हैं।

विधायक दल की बैठक में नेता चुने जाने के बाद भजनलाल शर्मा सहित सभी नेता राजभवन पहुंचे। वहां उन्होंने राज्यपाल कलराज मिश्र से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। राज्यपाल ने भाजपा को सरकार बनाने का न्योता दिया है। बताया जा रहा है कि 15 दिसंबर को नई सरकार का शपथ ग्रहण हो सकता है। 15 दिसंबर को ही भजनलाल का जन्मदिन भी है। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद उन्होंने कहा कि भाजपा के सभी नेताओं के साथ मिलकर राजस्थान का सर्वांगीण विकास करेंगे।

विधायक दल की बैठक से पहले प्रदेश मुख्यालय में राजनाथ सिंह और दो अन्य पर्यवेक्षकों के साथ सभी विधायकों की फोटो खींची गई। फोटो सेशन के दौरान भजनलाल शर्मा चौथी पंक्ति में खड़े थे। बहरहाल, राजस्थान में 33 साल बाद ब्राह्मण नेता को मुख्यमंत्री बनाया गया है। इससे पहले कांग्रेस से हरिदेव जोशी राजस्थान के तीन बार मुख्यमंत्री रहे हैं। मुख्यमंत्री के रूप में उनका तीसरा कार्यकाल 1990 में खत्म हुआ था।

Exit mobile version