Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

राहुल, कांग्रेस ने निशाना साधा

नई दिल्ली। सात राज्यों की 13 सीटों के उपचुनाव के नतीजों के बात राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी ने भाजपा पर निशाना साधा। राहुल ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘सात राज्यों में हुए उपचुनाव के नतीजों ने स्पष्ट कर दिया है कि भाजपा द्वारा बुना गया ‘भय और भ्रम’ का जाल टूट चुका है। किसान, नौजवान, मजदूर, व्यापारी और नौकरीपेशा समेत हर वर्ग तानाशाही का समूल नाश कर न्याय का राज स्थापित करना चाहता है। अपने जीवन की बेहतरी और संविधान की रक्षा के लिए जनता अब पूरी तरह से ‘इंडिया’ के साथ खड़ी है। जय हिंदुस्तान, जय संविधान’।

नतीजों के बाद कांग्रेस के मीडिया प्रभारी पवन खेड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा- देश भर में 13 सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे आपके सामने हैं। लोकसभा चुनाव में जनता का संदेश बहुत स्पष्ट था, लेकिन लोगों ने देखा कि सरकार में अभी भी वही घमंड और ऐंठन थी। इसलिए देश की जनता ने महीने भर में दूसरी बार भाजपा को संदेश दिया है। उन्होंने आगे कहा- हम उत्तराखंड की दोनों सीट पर जीते और हिमाचल प्रदेश की भी दो सीट पर जीत हासिल की है। बीजेपी को 13 सीट में सिर्फ दो सीट मिली हैं।

पवन खेड़ा ने वोटों की गिनती में गड़बड़ी का इशारा करते हुए कहा- इतिहास में पहली बार हुआ होगा कि मध्य प्रदेश के अमरवाड़ा में काउंटिंग रोककर अधिकारी लंच ब्रेक कर लेते हैं। पूरा प्रशासन कांग्रेस को हराने के लिए जुट जाता है। उन्होंने कहा- बीजेपी की राजनीति को लोग ठुकरा रहे हैं। क्योंकि बीजेपी की राजनीति में जवाबदेही का स्थान नहीं है। लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के प्रति सम्मान नहीं है।

Exit mobile version