Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

एचएमपीवी वायरस का नौवां केस मिला

नई दिल्ली। कोरोना जैसे लक्षण वाले वायरस ह्यूमन मेटान्यूमो वायरस यानी एचएमपीवी का देश में नौवां केस मिला है। बुधवार को महाराष्ट्र में छह महीने की एक बच्ची संक्रमित मिली। यह महाराष्ट्र का तीसरा केस है। मुंबई के हीरानंदानी अस्पताल में बुधवार को महीने की बच्ची संक्रमित मिली है। उसे एक जनवरी को खांसी, सीने में जकड़न और ऑक्सीजन लेवल 84 फीसदी तक गिरने की वजह से अस्पताल में भर्ती किया गया था। हालांकि अब वह ठीक है।

मुंबई में इस वायरस का यह पहला मामला है। इससे एक दिन पहले मंगलवार को नागपुर में दो केस सामने आए थे। वहां 13 साल की लड़की और सात साल का लड़का संक्रमित मिला था। हालांकि इन्हें अस्पताल में भर्ती नहीं करना पड़ा। इलाज के बाद उनकी स्थिति नियंत्रण में है। मुंबई में बुधवार को केस मिलने के बाद देश में इस वायरस के कुल मामले नौ हो गए हैं। महाराष्ट्र से पहले सोमवार को कर्नाटक और तमिलनाडु में दो दो और पश्चिम बंगाल व गुजरात में एक एक केस मिले थे।

एचएमपीवी केस सामने आने के बाद राज्यों ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। पंजाब में बुजुर्गों और बच्चों को मास्क पहनने की सलाह दी गई है। उधर गुजरात में अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड बनाए जा रहे हैं। हरियाणा में भी स्वास्थ्य विभाग को एचएमपीवी मामलों पर निगरानी रखने के आदेश दिए गए हैं। गौरतलब है कि इस वायरस से छोटे बच्चे सबसे ज्यादा संक्रमित हो रहे हैं। इनमें भी दो साल से कम उम्र के बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। बहरहाल, केंद्र सरकार ने भी राज्यों को इन्फ्लूएंजा की तरह बीमारी और सांस से जुड़ी बीमारियों की निगरानी बढ़ाने और एचएमपीवी के बारे में जागरूकता फैलाने की सलाह दी है।

Exit mobile version