Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

इजराइली टूरिस्ट के साथ बलात्कार

Ujjain Rape Case

बेंगलुरू। कर्नाटक में इजराइली टूरिस्ट और एक अन्य महिला के साथ बलात्कार की घटना हुई है। इस मामले में एक व्यक्ति की मौत भी हो गई है। घटना ऐतिहासिक पर्यटक स्थल हम्पी के पास हुई है। 27 साल की इजराइली महिला टूरिस्ट और एक होम स्टे ऑनर के साथ तीन लोगों ने गैंग रेप किया है। घटना छह मार्च की रात करीब साढ़े 10 बजे तुंगभद्रा नहर के किनारे की है। पीड़ित महिलाएं नहर के किनारे बैठी हुई थीं। महिलाओं के साथ तीन अन्य टूरिस्ट भी थे, जिनमें से एक की मौत हो गई है।

दोनों महिलाओं के अलावा तीन अन्य पर्यटकों में एक डेनियल अमेरिका से था, जबकि पंकज नाम का एक व्यक्ति महाराष्ट्र से और बिभास ओडिशा से थे। आरोपियों ने गैंगरेप से पहले इन तीनों को नहर में धक्का दे दिया था। डेनियल और पंकज तैरकर बाहर आ गए, जबकि बिभास की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एक की तलाश जारी है।

पुलिस ने ओडिशा के बिभास को खोजने के लिए सात मार्च की सुबह राहत अभियान शुरू किया। इसमें फायर ब्रिगेड के अलावा पुलिस और खोजी कुत्तों को लगाया गया। हालांकि इसमें सफलता नहीं मिली। शनिवार, आठ मार्च की सुबह बिभास का शव घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर नहर के पावर हाउस के पास मिला। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने घटना को बर्बर बताते हुए पुलिस को आरोपियों को जल्दी से जल्दी गिरफ्तार करने और सख्त कार्रवाई करने को कहा है।

घटना का ब्योरा देते हुए पीड़ितों ने बताया कि छह मार्च को डिनर के बाद सभी पांच लोग तारे देखने के लिए बाहर निकले थे। ये सभी टूरिस्ट होम स्टे में रूके थे। उस होम स्टे की मालकिन 29 साल की महिला ने पुलिस को बताया कि वह अपने चार मेहमानों के साथ डिनर करने के बाद तुंगभद्रा लेफ्ट बैंक नहर के किनारे म्यूजिक के साथ तारों को देखने गए थे। तभी तीन लोग बाइक पर आए। पहले उन्होंने पूछा कि पेट्रोल कहां मिलेगा। इसके बाद वे इजराइली महिला से एक सौ रुपए मांगने लगे। जब टूरिस्ट ने पैसे देने से मना कर दिया, तो आरोपियों ने हमला कर दिया। इस दौरान तीनों टूरिस्ट बीच बचाव करने आए तो इन लोगों ने उन्हें नहर में धक्का दे दिया। इसके बाद उन्होंने गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया और वहां से फरार हो गए।

Exit mobile version