Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

झारखंड में भाजपा उम्मीदवारों की घोषणा

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी 81 सदस्यों की विधानसभा में 68 सीटों पर लड़ेगी, जिसमें से 66 सीटों पर उसने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। भाजपा के कोटे की दो सीटों पर अभी घोषणा बाकी है। पार्टी ने अपनी पुरानी सहयोगी आजसू के लिए 10 सीटें छोड़ी हैं। दो सीटें जनता दल यू को मिली हैं और एक सीट चिराग पासवान की पार्टी लोजपा को मिली है।

भाजपा ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी को उनकी पुरानी राज धनवार सीट से उम्मीदवार बनाया है। उनके अलावा पांच और पूर्व मुख्यमंत्रियों या उनके रिश्तेदारों को भाजपा ने टिकट दी है। कुछ समय पहले ही झारखंड मुक्ति मोर्चा छोड़ कर भाजपा में शामिल हुए पूर्व मुख्यमंत्री चम्पई सोरेन को भाजपा ने उनकी पारंपरिक सरायकेला सीट से उम्मीदवार बनाया है। पिता और पुत्र को एक साथ टिकट नहीं देने के अपने नियम को तोड़ कर भाजपा ने चम्पई सोरेन के बेटे बाबूलाल सोरेन को घाटशिला सीट से उम्मीदवार बनाया है।

पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की पत्नी मीरा मुंडा जमशेदपुर की पोटका सुरक्षित सीट से चुनाव लड़ेंगी। इसी तरह पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की पत्नी और पूर्व सांसद गीता कोड़ा पूर्वी सिंहभूम की जगन्नाथपुर सीट से भाजपा की उम्मीदवार बनाई गई हैं। पूर्व मुख्यमंत्री और ओडिशा के राज्यपाल रघुबर दास की पारंपरिक जमशेदपुर पूर्वी सीट से उनकी बहू पूर्णिमा दास साहू को भाजपा ने टिकट दिया है। ऐसे ही पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की बहू सीता सोरेन को भाजपा ने जामताड़ा सीट से टिकट दिया है।

भाजपा ने अपने पूर्व सांसदों को भी विधानसभा चुनाव में उतारा है। राज्यसभा सांसद रहे भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष समीर उरांव को बिशुनपुर से और दुमका से लोकसभा सांसद रहे सुनील सोरेन को दुमका विधानसभा सीट से टिकट दिया गया है। सुदर्शन भगत गुमला से और गिरिडीह से सांसद रहे रविंद्र पांडेय बेरमो से भाजपा की टिकट पर विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे।

Exit mobile version