Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

डॉक्टरों की हड़ताल जारी

कोलकाता/नई दिल्ली। कोलकाता के राधागोविंद कर यानी आरजी कर अस्पताल में जूनियर डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या की घटना के विरोध में देश भर के रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल जारी रहेगी। सोमवार को भी डॉक्टर हड़ताल पर रहे। उनके संगठन के साथ केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की वार्ता नाकाम रही है। डॉक्टरों और स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय के बीच सोमवार की बैठक में सहमति नहीं बन पाई। जिसके चलते फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन ने अपनी हड़ताल जारी रखने का ऐलान किया। एसोसिएशन ने कहा- अब सुप्रीम कोर्ट इस पर फैसला करेगा।

देश भर के रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल के बीच कोलकाता पुलिस ने एक कॉलेज छात्र को जूनियर डॉक्टर की पहचान उजागर करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि इस छात्र ने सोशल मीडिया पर तस्वीर शेयर कर जूनियर डॉक्टर की जानकारी सार्वजनिक कर दी। इतना ही नहीं सोशल मीडिया पोस्ट में उसने राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को जान से मारने की भी धमकी दी थी। इसे लेकर केस दर्ज कर लिया गया है। घटना की जांच सीबीआई कर रही है।

कोलकाता के डॉक्टरों के साथ साथ दिल्ली और देश के दूसरे हिस्सों के डॉक्टर भी हड़ताल कर रहे हैं। दिल्ली में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान यानी एम्स के रेजिडेंट डॉक्टरों ने स्वास्थ्य मंत्रालय के बाहर ओपीडी लगाई। उन्होंने डॉक्टरों की सुरक्षा की मांग की और जूनियर डॉक्टर के परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। गौरतलब है कि नौ अगस्त को कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में एक ट्रेनी डॉक्टर से रेप और हत्या की गई थी। इसके बाद 14 अगस्त की देर रात इसी अस्पताल में हिंसा हुई, जिसके बाद डॉक्टरों ने प्रदर्शन तेज किया।

Exit mobile version