Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

चुनाव आयोग पर कांग्रेस का हमला

CWC meeting

CWC meeting

बेंगलुरू। कांग्रेस पार्टी ने बेलगावी में पार्टी की कार्य समिति की विशेष बैठक में चुनाव आयोग पर सामूहिक रूप से हमला किया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी दोनों ने हाल के चुनावों के नतीजों को लेकर चुनाव आयोग पर निशाना साधा। राहुल ने कहा कि, ‘कुछ न कुछ तो गड़बड़ है’ तो कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए है। गौरतलब है कि 1924 में कांग्रेस के बेलगाम अधिवेशन की पहली और आखिरी बार महात्मा गांधी ने अध्यक्षता की थी। उसके एक सौ साल पूरे होने के मौके पर कांग्रेस ने विशेष कार्यक्रम आयोजित किए हैं। शुक्रवार, 27 दिसंबर को कांग्रेस की एक रैली भी होगी।

बहरहाल, बताया जा रहा है कि बेलगावी में कांग्रेस कार्य समिति की विशेष बैठक में राहुल ने महाराष्ट्र के चुनाव नतीजों पर सवाल उठाते हुए कहा- इस साल के लोकसभा चुनाव के बाद महाराष्ट्र की 118 सीटों पर 72 लाख मतदाता जोड़े गए, जिनमें से 102 पर भाजपा ने जीत दर्ज की। इससे साफ है कि कहीं न कहीं कुछ गड़बड़ है। गौरतलब है कि कांग्रेस पार्टी महाराष्ट्र और हरियाणा के चुनाव नतीजों पर सवाल उठा रही है। यह अलग बात है कि चुनाव आयोग ने कांग्रेस की हर आपत्ति को खारिज कर दिया।

Also Read: दिल्ली एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज, कई इलाकों में बारिश

राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी चुनाव आयोग पर हमला किया और कहा- भाजपा सभी संवैधानिक संस्थाओं पर कब्जा करना चाहती है। हम लड़ाई लड़ते रहेंगे। चुनावी प्रक्रिया में लोगों का विश्वास धीरे धीरे कम हो रहा है और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने चुनाव से जुड़े नियमों में बदलाव का मुद्दा भी उठाया और कहा- यह सरकार चुनाव नियमों में बदलाव करके क्या छिपाने की कोशिश कर रही है, जिसे साझा करने का आदेश अदालत ने दिया है।

खड़गे ने कहा- कभी वोटर्स का नाम सूची से काटा जाता है, कभी उनको वोट डालने से रोका जाता है, कभी वोटर लिस्ट में अचानक वोटर्स बढ़ जाते हैं, कभी वोट डालने के लास्ट टाइम में वोट पर्सेंट अप्रत्याशित तरीके से बढ़ जाता है। ये कुछ सवाल हैं, जिनका संतोषजनक जवाब नहीं मिलता। उन्होंने कहा- नेहरू, गांधी विचारधारा और बाबा साहेब अंबेडकर के सम्मान के लिए कांग्रेस अंतिम सांस तक लड़ेगी। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा- 2025 संगठन को मजबूत करने का वर्ष होगा, पार्टी में खाली पदों को भरा जाएगा।

उदयपुर घोषणा को पूरी तरह लागू किया जाएगा। चुनाव जीतने के लिए आवश्यक कौशल से पार्टी को लैस करेंगे, वैचारिक रूप से प्रतिबद्ध लोगों को खोजेंगे जो संविधान और भारत के विचार की रक्षा करेंगे। बहरहाल, कांग्रेस पार्टी सीडब्लुसी की विशेष बैठक के बाद शुक्रवार को सीपीईडी ग्राउंड में एक रैली करेगी। इस रैली को ‘जय बापू-जय भीम-जय संविधान’ नाम दिया गया है।

Exit mobile version