Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

बैस्टिल डे परेड में शामिल हुए मोदी

पेरिस। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस यानी बैस्टिल डे परेड में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। शुक्रवार को पेरिस में फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस पर बैस्टिल डे परेड आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ बैस्टिल डे परेड में शामिल हुए। प्रधानमंत्री को फ्रांस के सर्वोच्च सैन्य व नागरिक सम्मान से भी नवाजा गया। बाद में प्रधानमंत्री ने लूव म्यूजियम का भी दौरा किया।

नेशनल डे परेड के दौरान  फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने स्टेज पर प्रधानमंत्री मोदी की तरफ बढ़कर उनका अभिवादन किया। राष्ट्रपति मैक्रों की पत्नी और फ्रांस की प्रथम महिला ब्रिगेट मैक्रों उनके बगल में खड़ी नजर आईं। इस परेड में भारतीय सेना की तीन टुकड़ियां भी शामिल हुई और उन्होंने सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तां हमारा की धुन बजाई। भारतीय वायु सेना के विमानों ने इस मौके पर फ्लाई पास्ट किया।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के फ्रांस दौरे पर गए हैं। राष्ट्रीय दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फ्रांस की सरकार ने वहां के सर्वोच्च सैन्य और नागरिक सम्मान से नवाजा है। ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द लिजियन ऑफ ऑनर’ पाने वाले वे पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। हालांकि भारत के और भी लोगों को यह सम्मान मिल चुका है। अंतरराष्ट्रीय हस्तियों में नेलसन मंडेला, ब्रिटेन के किंग चार्ल्स, जर्मनी की पूर्व चांसलर एंगेला मर्केल आदि को इस सम्मान से नवाजा गया था।

Exit mobile version