Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

पुतिन के घर पर ड्रोन अटैक- रूस

मॉस्को। रूस ने यूक्रेन पर बहुत बड़ा आरोप लगाया है। मॉस्को ने बुधवार को आरोप लगाया कि यूक्रेन ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की जान लेने की कोशिश की है। रूस ने दावा किया कि उसने यूक्रेन द्वारा भेजे गए दो ड्रोन को मार गिराया है। बयान में कहा गया है- रूसी पक्ष जहां और जब उचित समझे, जवाबी कार्रवाई करने का अधिकार सुरक्षित रखता है। क्रेमलिन ने कहा कि वह कथित हमले को एक सुनियोजित आतंकवादी कृत्य और रूसी संघ के राष्ट्रपति की जान लेने का एक प्रयास मानता है। गौरतलब है कि रूस ने पिछले साल फरवरी में यूक्रेन पर हमला किया था।

बहरहाल, क्रेमलिन ने बुधवार को एक बयान में कहा- दो मानव रहित व्हिकल को क्रेमलिन की ओर लक्षित किया गया था, डिवाइसों को निष्क्रिय कर दिया गया। बयान में कहा गया है कि पुतिन घायल नहीं हुए और क्रेमलिन इमारत को कोई क्षति नहीं हुई। सैन्य समाचार ज्वेज्दा चैनल सहित रूसी सोशल मीडिया पर प्रसारित एक असत्यापित वीडियो में कथित घटना के बाद ऊंची दीवारों वाले गढ़ में मुख्य क्रेमलिन पैलेस के पीछे हल्का धुआं उठता हुआ दिखाई दे रहा है और आग भी दिखाई दे रही है। हालांकि यूक्रेन की ओर से इस पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई।

जैसे ही ड्रोन द्वारा पुतिन को निशाना बनाने की कोशिश की खबर सामने आई, मॉस्को के मेयर ने रूसी राजधानी के ऊपर अनधिकृत ड्रोन उड़ानों पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा कर दी। एक बयान में, मेयर सर्गेई सोबयानिन ने कहा- जब तक सरकारी अधिकारियों से विशेष अनुमति नहीं ली जाती, तब तक ड्रोन उड़ानें प्रतिबंधित रहेंगी। उन्होंने कहा कि प्रतिबंध अनधिकृत ड्रोन उड़ानों को रोकने के लिए है जो कानून व्यवस्था में बाधा डाल सकते हैं।

Exit mobile version